सीढ़ी घर की ढलाई के दौरान सीमेंट-बालू गिरने के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला समेत एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर घायल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दहियार रन्ना पंचायत के रन्ना गांव वार्ड16 में सीढ़ी घर की छत ढलाई के दौरान सीमेंट और बालू पड़ोसी हिस्से में गिरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों पर लोहे की रॉड, लाठी और डंडे से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायलों में एक महिला भी शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर किया गया था।

घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। घायलों की पहचान रन्ना गांव निवासी स्वर्गीय रामप्रसाद मंडल के पुत्र रामकुमार, उनके भाई गौरीशंकर कुमार तथा उनकी मां दायमुनि देवी के रूप में हुई है। वहीं घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी नानी सावित्री देवी को भी चोट लगने की बात सामने आई है। बताया गया है कि परिवार के लोग अपने मकान के ऊपर सीढ़ी घर की छत ढलाई का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान निर्माण कार्य में प्रयुक्त सीमेंट और बालू का मसाला पड़ोसी हिस्से में गिरने लगा, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया।

घायल गौरीशंकर कुमार ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु कुछ वर्ष पूर्व हो चुकी है और परिवार किसी तरह मेहनत मजदूरी कर घर का निर्माण करा रहा है। आरोप है कि इसी दौरान उनके छोटे चाचा विनोद मंडल ने सीमेंट और बालू गिरने का विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और विनोद मंडल अपने परिजनों के साथ लोहे की रॉड, लाठी और डंडा लेकर पहुंच गए तथा हमला बोल दिया। हमले में दायमुनि देवी के सिर और हाथ में गंभीर चोट लगी, जबकि दोनों भाइयों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के संबंध में रामकुमार ने शिवाजीनगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पड़ोसी विनोद मंडल के पुत्र आशुतोष कुमार, शिवरंजन कुमार तथा कैलाश मंडल द्वारा पूर्व में ही 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई थी और पैसा नहीं देने पर छत ढलाई नहीं होने देने की धमकी दी गई थी।

आवेदन के अनुसार 31 मई की दोपहर करीब दो बजे जब मजदूर और मिस्त्री छत पर सीढ़ी की दीवार जोड़ रहे थे, तभी आशुतोष कुमार के आंगन में मसाला गिरने का बहाना बनाकर महाकाल ग्रुप के करीब दस युवक लाठी, डंडा और लोहे की रॉड लेकर घर पर चढ़ आए। आरोप लगाया गया है कि आशुतोष कुमार के उकसावे पर शिवरंजन कुमार ने लोहे की रॉड से रामकुमार के सिर पर हमला किया। बचाव के दौरान उनका हाथ फट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य लोगों को भी चारों ओर से घेरकर बेरहमी से पीटा गया।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान दोनों भाइयों का मोबाइल फोन छीन लिया गया तथा दायमुनि देवी के कान और गले से सोने के आभूषण भी छीन लिए गए। ग्रामीणों के जुटने और विरोध करने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दायमुनि देवी समेत तीनों को सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में इलाज कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोट लगी है और कई टांके लगाए गए हैं। एहतियात के तौर पर सीटी स्कैन कराया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों का भी इलाज जारी है।
थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि दोनों तरफ से आवेदन प्राप्त हुआ है । प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

*विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश – Doorbeen News*

विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *