व्हाट्सएप से जुड़े
समस्तीपुर। शहर में वर्षों से लंबित बस स्टैंड स्थानांतरण की योजना को अब नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन एवं सदस्य सायन कुणाल से मुलाकात कर मोहनपुर स्थित मठ की जमीन बस स्टैंड निर्माण के लिए उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान बस स्टैंड शहर के बीचों-बीच स्थित है और महिला महाविद्यालय परिसर से सटा हुआ है। बस स्टैंड पर दिनभर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही के कारण शोर-शराबा बना रहता है, जिससे महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। इसके अलावा भारी वाहनों के संचालन से शहर में लगातार जाम की समस्या भी बनी रहती है।
जिला प्रशासन लंबे समय से बस स्टैंड को भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से हटाकर मोहनपुर में स्थानांतरित करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है।



इसी समस्या के समाधान के लिए विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने धार्मिक न्यास परिषद के अधिकारियों से मुलाकात कर मोहनपुर स्थित मठ की भूमि बस स्टैंड निर्माण के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस संबंध में उन्होंने परिषद को एक औपचारिक आवेदन भी सौंपा है।
डॉ. तरुण कुमार ने बताया कि धार्मिक न्यास परिषद ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लिया है और मामले को संज्ञान में रखते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बस स्टैंड निर्माण के लिए आवश्यक भूमि की समस्या जल्द दूर हो सकती है।
यदि मोहनपुर में बस स्टैंड का निर्माण होता है तो शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा, जाम की समस्या कम होगी और महिला महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विधान पार्षद की इस पहल का शहर के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि बस स्टैंड के स्थानांतरण से समस्तीपुर शहर को दीर्घकालिक राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।



*NEET की तैयारी कर रही समस्तीपुर की छात्रा ने हॉस्टल में की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव – Doorbeen News*
NEET की तैयारी कर रही समस्तीपुर की छात्रा ने हॉस्टल में की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव





