कोचिंग जा रही 10वीं की छात्रा को बालू लदे ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; सड़क जाम

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

मृतका की पहचान रहुआ गांव निवासी निकिता कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल छात्राओं नेहा और शांति का इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि तीनों छात्राएं सुबह कोचिंग पढ़ने जा रही थीं। इसी दौरान सिंधिया की ओर से आ रहे बालू लदे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि निकिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया। चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद पुलिस और एंबुलेंस करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे समय पर उपचार नहीं मिल सका।

गुस्साए ग्रामीणों ने एसएच-55 पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की।

मौके पर पहुंचे मुखिया बैजनाथ शर्मा, सरपंच हरिकांत झा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर रोसड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।

इसके बाद पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा सड़क जाम समाप्त कराया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

*समस्तीपुर में बोरी में बंद मिली 10 वर्षीय बच्ची की लाश, गांव में फूटा गुस्सा; हत्या की आशंका से सनसनी – Doorbeen News*

समस्तीपुर में बोरी में बंद मिली 10 वर्षीय बच्ची की लाश, गांव में फूटा गुस्सा; हत्या की आशंका से सनसनी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *