CSP डकैती कांड का चौथा आरोपी गिरफ्तार: DIU और सरायरंजन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सभी मुख्य अपराधी सलाखों के पीछे

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur News: समस्तीपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत समस्तीपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में हुई डकैती मामले में पुलिस ने चौथे शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही कांड में शामिल सभी मुख्य आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को सरायरंजन थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर जिला आसूचना इकाई (DIU) और सरायरंजन थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के गौसपुर काली चौक से मो. शमशेर उर्फ मियां (पिता- खुर्शीद आलम) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की पूछताछ में मो. शमशेर ने रायपुर बुजुर्ग स्थित सीएसपी केंद्र में हुई डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इसके बाद उसे विधिसम्मत कार्रवाई के तहत न्यायिक प्रक्रिया में भेजा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 18 मई 2026 को रायपुर बुजुर्ग स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया था। मामले में सरायरंजन थाना कांड संख्या-124/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल तीन अन्य अपराधियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही डकैती में लूटी गई पूरी राशि भी बरामद कर ली गई थी।

मो. शमशेर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दावा किया है कि इस डकैती कांड के सभी मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों ने इसे समस्तीपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

*किसान अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष जरूरी: खानपुर में किसान सभा का प्रशिक्षण शिविर आयोजित – Doorbeen News*

किसान अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष जरूरी: खानपुर में किसान सभा का प्रशिक्षण शिविर आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *