व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: सिंघिया: ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं को पंचायत स्तर पर सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में चल रहे पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए बीडीओ विवेक रंजन ने रविवार को विभिन्न पंचायतों का दौरा कर निर्माणाधीन भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को लेकर संबंधित एजेंसियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ ने महरा पंचायत, नीरपुर भरड़िया, सालेपुर, जहांगीरपुर एवं माहे पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति तथा उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।



उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं। निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने उन पंचायतों का भी भ्रमण किया, जहां पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बंगरहट्टा, विष्णुपुर डीहा, विष्णुपुर क्योटहर एवं कुंडल-2 पंचायतों में पहुंचकर निर्माण कार्यों का अवलोकन किया।
इन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन लगभग पूर्णता की स्थिति में पाए गए। बीडीओ ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष बचे कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि भवनों का उपयोग आम जनता के लिए जल्द शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन की रीढ़ साबित होंगे। इन भवनों के संचालन से पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लोगों को एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगा।
इससे ग्रामीणों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता एवं सुगमता आएगी। बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी पंचायतों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत सरकार भवन विकसित किए जा रहे हैं। इन भवनों के निर्माण पूर्ण होने के बाद पंचायत प्रशासन को नया स्वरूप मिलेगा तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी गति आएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय कर्मी एवं निर्माण कार्य से जुड़े प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



*सिंघिया में सड़क दुर्घटना में एक युवक घायल – Doorbeen News*





