व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Samastipur Crime News: शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के दहियार रन्ना पंचायत स्थित वार्ड संख्या-3 में सोमवार को निर्माणाधीन शौचालय टंकी का सेंटरिंग खोलने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टंकी के अंदर दम घुटने से गृहस्वामी की मौत हो गई, जबकि एक राजमिस्त्री समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान सहरु गांव निवासी स्व. जोगी मंडल के 60 वर्षीय पुत्र पलटन ठाकुर के रूप में की गई है। वहीं घायलों में अजय गारा, कन्हाई मंडल तथा दरभंगा जिले के समधपुरा निवासी राजमिस्त्री झिलमिल दास शामिल हैं।
बताया गया है कि पलटन ठाकुर अपने घर में शौचालय टंकी का निर्माण करा रहे थे। करीब 10 से 15 दिन पहले टंकी की ढलाई हुई थी। सोमवार को टंकी के अंदर लगे सेंटरिंग को हटाने के लिए गृहस्वामी, राजमिस्त्री और दो मजदूर अंदर उतरे थे। इसी दौरान अचानक सभी का दम घुटने लगा और चारों बेहोश होकर टंकी के अंदर गिर पड़े।



काफी देर तक कोई आवाज नहीं आने पर बाहर मौजूद लोगों को शक हुआ। जब ग्रामीणों ने अंदर झांककर देखा तो सभी लोग बेहोश पड़े थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर सभी को बाहर निकाला और इलाज के लिए दरभंगा जिले के बहेड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने पलटन ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर हालत में राजमिस्त्री झिलमिल दास और मजदूर अजय गारा को डीएमसीएच रेफर किया गया है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। कन्हाई मंडल का इलाज बहेड़ी अस्पताल में जारी है और वह खतरे से बाहर बताया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय तक बंद रहने के कारण टंकी के अंदर जहरीली गैस बन गई थी। पर्याप्त हवा नहीं मिलने के कारण अंदर उतरते ही लोगों का दम घुटने लगा और हादसा हो गया।
मृतक पलटन ठाकुर गांव में दाढ़ी-बाल बनाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था।



*बिहार राज्य किसान सभा का जिला समाहर्ता कार्यालय पर प्रदर्शन – Doorbeen News*





