व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Samastipur News। राजस्व कर्मचारियों के कार्य निष्पादन में हो रही परेशानियों को देखते हुए सरकार ने अंचल स्तर पर आयोजित बैठकों को लेकर नया निर्देश जारी किया है। विभाग के संज्ञान में यह मामला आया था कि अंचलाधिकारियों द्वारा बार-बार बैठक आयोजित कर राजस्व कर्मचारियों को अंचल कार्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया जाता है। इससे कर्मचारियों को अपने पंचायत एवं हल्का क्षेत्र छोड़कर अंचल कार्यालय जाना पड़ता था, जिसके कारण राजस्व संबंधी कार्यों के समय पर निष्पादन में बाधा उत्पन्न हो रही थी।



सम्यक विचार के बाद विभाग ने निर्णय लिया है कि राजस्व कर्मचारी अपने चिन्हित कार्यालय जैसे पंचायत सरकार भवन, राजस्व कचहरी भवन अथवा अन्य निर्धारित भवनों से ही राजस्व कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
जारी निर्देश के अनुसार भूमि विवाद के प्रभावी समाधान के लिए अंचल स्तर पर प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाली बैठकों में राजस्व कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही अंचल स्तर की अन्य महत्वपूर्ण बैठकें, जिनमें कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति आवश्यक हो, उन्हें भी यथासंभव शनिवार को ही आयोजित किया जाएगा।
वहीं शनिवार के अलावा सप्ताह के अन्य दिनों में होने वाली बैठकों में राजस्व कर्मचारी केवल ऑनलाइन अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लेंगे। सरकार ने सभी अंचल अधिकारियों को इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।



इस संबंध में अपर समाहर्ता (राजस्व) ब्रजेश कुमार ने बताया कि यह निर्देश सरकार की ओर से जारी किया गया है, जिससे राजस्व कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब केवल शनिवार को ही राजस्व कर्मचारी अंचल कार्यालय में आयोजित बैठकों में शामिल होंगे, जबकि अन्य दिनों में वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लेंगे। इससे कर्मचारियों को क्षेत्र में रहकर आम लोगों की समस्याओं के समाधान में अधिक समय देने का अवसर मिलेगा।
*शिक्षा मंत्री के अभिनंदन समारोह में अधिक भागीदारी को लेकर शिक्षक संघ की बैठक संपन्न – Doorbeen News*
शिक्षा मंत्री के अभिनंदन समारोह में अधिक भागीदारी को लेकर शिक्षक संघ की बैठक संपन्न





