व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में बुधवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित होने वाली डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा [D.C.E.C.E. (PE/PM/PMM)]-2026 को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सफल, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।



जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सुगम प्रवेश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार यह परीक्षा 23 एवं 24 मई 2026 को एक-एक पाली में आयोजित होगी। जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
डीएम रोशन कुशवाहा ने निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं तथा परीक्षा संचालन के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे।



*समस्तीपुर कॉलेज में डॉ. उमा शंकर साह को दी गई भावभीनी विदाई – Doorbeen News*





