व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Darbhanga News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कल देर शाम सिंडिकेट की बैठक कुलपति के आवासीय कार्यालय के सभाकक्ष में ऑनलाइन आयोजित की गई। सर्वप्रथम कुलपति ने सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक के मुद्दों की जानकारी दी। बैठक में सांसद डॉ फैयाज अहमद, कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हंसदा, मीणा झा, डॉ सविता वर्मा तथा इम्बेशात शौकत ने ऑफलाइन, जबकि सांसद गोपाल जी ठाकुर, डीएसडब्ल्यू प्रो अशोक कुमार मेहता, कुलानुशासक प्रो विजय कुमार यादव, डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, प्रो नारायण झा, प्रो विमल कुमार, डॉ अवधेश कुमार सिंह तथा डॉ शिवानन्द झा आदि आभासी रूप से उपस्थित हुए।


बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में आगामी जून माह में शैक्षणिक सीनेट की बैठक का आयोजित किया जाएगा, जिसकी संभावित तिथि 24, 25 या 30 जून होगी। इसके लिए कुलपति प्रो चौधरी को अधिकृत किया गया कि वे इससे संबंधित आग्रह पत्र को लोकभवन, पटना भेजवाकर कुलाधिपति से स्वीकृति प्राप्त कर लेंगे। ज्ञातव्य है कि विभिन्न संगठनों एवं व्यक्तियों द्वारा मांग की जाती रही है कि सीनेट की वर्ष में दो बैठकें आयोजित की जाए, जिसमें एक वार्षिक बजट के लिए तथा दूसरा छात्रहित में सिर्फ शैक्षणिक कार्य हेतु।
सिंडीकेट सदस्यों ने बिहार सरकार द्वारा विश्वविद्यालय के क्षेत्रांतर्गत 30 नव स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों हेतु 30 प्रधानाचार्यों/ प्रभारी प्राचार्यों को प्रदत्त अतिरिक्त प्रभार एवं 30 नियमित सहायक प्राध्यापकों के पदस्थापन/स्थानांतरण आदेश की बैठक में घटनोत्तर स्वीकृति दी।


वहीं बिहार लोक सेवा आयोग, पटना की अनुशंसा पर नियुक्त एआईएच एण्ड सी के सहायक प्राध्यापकों द्वारा निर्धारित दो वर्षों का प्रोवेशन पीरियड पूरा कर लेने तथा ऐसे शिक्षकों के संबंधित कॉलेजों से प्राप्त सीसीआर के आलोक में उनकी सेवा संपुष्टि की गयी।
डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’ की मांग पर नव स्थापित 30 राजकीय डिग्री कॉलेजों में मैथिली, संस्कृत, उर्दू एवं एआईएच एण्ड सी की भी पढ़ाई प्रारंभ करने के उद्देश्य से डीएसडब्ल्यू प्रो अशोक कुमार मेहता, डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’ तथा प्रो नारायण झा की तीन सदस्यीय समिति बनाई गई जो आगामी 20 मई तक समुचित प्रस्ताव तैयार कर विश्वविद्यालय को देंगे, ताकि इस प्रस्ताव को स्वीकृति हेतु बिहार राज्य सरकार के पास यथाशीघ्र भेजा जा सके। बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हांसदा ने किया।


*विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए शिक्षा समिति की बैठक आयोजित, विकास कार्य के लिए लिया गया निर्णय – Doorbeen News*





