समस्तीपुर डीआरएम से मुलाकात के बाद रेलवे ने जारी किया आदेश, अंडरपास निर्माण तक बहाल होगी आवाजाही

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

कांटी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से बंद कपरपुरा रेलवे गुमटी संख्या-107 को 31 मई से पहले पुनः खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में रेलवे विभाग की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है। कांटी विधायक ई.अजीत कुमार ने कहा कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए लगातार प्रयास किया जा रहा था और अब रेलवे प्रशासन ने गुमटी को फिर से चालू रखने का निर्णय लिया है।

विधायक ने बताया कि कपरपुरा गुमटी बंद होने से कांटी एवं आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, किसानों, व्यवसायियों तथा मरीजों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी। कई बार एंबुलेंस एवं जरूरी वाहनों को भी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार गुमटी खोलने की मांग की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया था। इसके बाद 4 अप्रैल 2026 को पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय पहुंचकर डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से वार्ता की गई थी।

उस दौरान रेलवे अधिकारियों ने जनहित को देखते हुए गुमटी संख्या-107 पर अंडरपास निर्माण कराने तथा निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया था।
हालांकि एक माह बीत जाने के बाद भी कार्य शुरू नहीं होने पर विधायक ने रेलवे प्रशासन को पत्र भेजकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि गुमटी बंद रहने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। विधायक ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।

इधर, समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन से प्राप्त अनुरोध के आलोक में सक्षम प्राधिकारी ने बंद लेवल क्रॉसिंग संख्या-107 को पूर्व की तरह चालू रखने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। विधायक ने कहा कि 31 मई से पहले कपरपुरा गुमटी खोल दी जाएगी और भविष्य में यहां स्थायी समाधान के रूप में अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।

डीआरएम से मिलने गए प्रतिनिधि मंडल में विधायक अजीत कुमार के अलावा जद यू अध्यक्ष विनोद गुप्ता ,अनिल शाही, पूर्व मुखिया नंदकिशोर सिंह ,समस्तीपुर मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कृषण, संजीव सुमन, नीरज भारद्वाज ,उमेश राय ,राजबाला राय , सुनील कुमार आदि प्रमुख थे।

*समस्तीपुर में मत्स्य योजनाओं के तहत लाभार्थियों को थ्री-व्हीलर, नाव, जाल और विपणन किट वितरित – Doorbeen News*

समस्तीपुर में मत्स्य योजनाओं के तहत लाभार्थियों को थ्री-व्हीलर, नाव, जाल और विपणन किट वितरित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *