व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News शिवाजीनगरप्र खंड क्षेत्र में शनिवार को समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी का दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने करियन पंचायत के करियन गांव वार्ड 4 में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष माधव झा के आवास पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान पारंपरिक मिथिला रीति रिवाज के अनुसार सांसद का पाग, चादर एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद शांभवी चौधरी ने करियन गांव के विश्व विख्यात महान दार्शनिक उदयनाचार्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। स्थानीय लोगों ने इस अवसर पर सांसद को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें महान दार्शनिक उदयनाचार्य की जन्मस्थली को सौंदर्यीकरण कराने तथा उनके अवतरण दिवस को प्रतिवर्ष राजकीय पर्व के रूप में मनाते हुए उदयन महोत्सव आयोजित कराने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। ग्रामीणों ने जोर देकर कहा कि उदयनाचार्य की ख्याति विश्व स्तर पर है, ऐसे में उनकी जन्मस्थली को उचित पहचान मिलनी चाहिए।


इस मौके पर सांसद शांभवी चौधरी के साथ सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि अनीश राज एवं करियन पंचायत के मुखिया संजीव पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों का भी पाग, चादर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़कों, नल जल, बिजली एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को सांसद के समक्ष विस्तार से रखा, जिस पर सांसद ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
करियन गांव के कार्यक्रम के बाद सांसद शांभवी चौधरी शिवाजीनगर के डॉ. कलाम फाउंडेशन फॉर रूरल डेवलपमेंट सह पब्लिक लाइब्रेरी पहुंचीं, जहां संस्था परिवार एवं स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
संस्था के अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह ने उन्हें पारंपरिक पाग, माला एवं चादर देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिवाजीनगर के कर्मवीर पुस्तक से जुड़े समाजसेवी संतोष कुमार सिंह ने भी सांसद को सम्मानित किया। सांसद ने लाइब्रेरी का अवलोकन करते हुए संस्था द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की संस्थाएं ग्रामीण क्षेत्रों में ज्ञान और जागरूकता का केंद्र बन रही हैं। उन्होंने लाइब्रेरी के विकास के लिए भवन की ऊपरी मंजिल के निर्माण का आश्वासन दिया, जिससे अधिक छात्रों और पाठकों को लाभ मिल सके। अपने दौरे के क्रम में सांसद शांभवी चौधरी परसा पंचायत के बोरज गांव भी पहुंचीं, जहां उन्होंने हाल ही में हुई दर्दनाक घटना के पीड़ित परिवार से मुलाकात की।


विदित हो कि बोरज गांव निवासी सुदर्शन झा के तीन सगे पुत्रों की बरियाही पुल के समीप करेह नदी में डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सांसद ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा मिलने वाला मुआवजा जल्द से जल्द दिलाया जाएगा और प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक पहल की जाएगी। मौके पर शंभू झा, सरबन झा, नवीन कुमार सिंह, मणि शंकर सिन्हा, पंचायत समिति सदस्य सह भाजपा उत्तरी मंडल अध्यक्ष सरोज कुमार, राजनारायण, सुरेश राजन, अशोक, बिपिन, संतोष, राहुल, सुनील चौधरी, सुनील कुमार सिंह, नंद कुमार सिंह, विजय मंडल, दिनेश कुमार गोलू, गंगा प्रसाद सिंह, मुखिया पति राम पुकार मंडल एवं समाजसेवी संजय झा, पिंकू यादव, कैलाश पंडित सहित अन्य ग्रामीण व कार्यकर्ता शामिल रहे।
सांसद के इस दौरे से जहां एक ओर ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिला, वहीं उदयनाचार्य की जन्मस्थली को राजकीय मान्यता दिलाने की मांग ने भी जोर पकड़ा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सांसद के प्रयास से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।


*पटना हाईकोर्ट परिसर में ATS की मॉक ड्रिल: सुरक्षा बलों की तत्परता और समन्वय का प्रदर्शन – Doorbeen News*
पटना हाईकोर्ट परिसर में ATS की मॉक ड्रिल: सुरक्षा बलों की तत्परता और समन्वय का प्रदर्शन





