व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
पटना/गया: माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय स्थित अधिवेशन कक्ष में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के जरिए गया स्थित विष्णुपद मंदिर क्षेत्र का व्यापक विकास किया जाएगा।
694 संरचनाओं का होगा निर्माण : परियोजना के तहत कुल 694 संरचनाओं का विकास प्रस्तावित है। इसमें कमर्शियल शॉप, वाहन पार्किंग, श्रद्धालुओं व पिंडदानियों के लिए शेड, फल्गु नदी घाट का विकास एवं सौंदर्यीकरण, मंदिर से मानपुर तक घाट निर्माण और सीता कुंड क्षेत्र का विकास शामिल है। पूरी योजना लगभग 2390 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की जाएगी।


108 फीट ऊंची विष्णु प्रतिमा बनेगी आकर्षण का केंद्र: परियोजना के अंतर्गत विष्णुपद मंदिर और सीता कुंड के बीच फल्गु नदी में भगवान विष्णु की 108 फीट ऊंची मिश्रधातु की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा तक पहुंचने के लिए विशेष पैदल पथ (पेडेस्ट्रियन पाथवे) का निर्माण होगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
पार्किंग और सुविधा पर विशेष जोर : तीन अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जहां 750 चारपहिया वाहनों और 20 बसों के लिए जगह उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।


20 फीट चौड़ा होगा पैदल पथ: सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विष्णुपद मंदिर और सीता कुंड के बीच बनने वाले पाथवे की चौड़ाई कम से कम 20 फीट रखी जाए। साथ ही सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं गया: मुख्यमंत्री ने कहा कि गया में हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पिंडदानी आते हैं, इसलिए यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगी। मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं विजेंद्र यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।


*समाहरणालय परिसर में अवैध पार्किंग पर सख्ती: डीएम ने दी कार्रवाई का आदेश – Doorbeen News*
समाहरणालय परिसर में अवैध पार्किंग पर सख्ती: डीएम ने दी कार्रवाई का आदेश





