व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय वृद्ध महिला पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, खानपुर के नत्थुद्वार निवासी पर्यावरण प्रेमी त्रिपुरारी झा की माता 70 वर्षीय कुमोदनी देवी 7 तारीख की सुबह अपने घर के बाहर बैठी हुई थीं। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में वे बुरी तरह जख्मी हो गईं और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।


घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें पास के गांव के डॉक्टर के पास पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया। इसके बाद 102 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर उन्हें एंबुलेंस के जरिए दरभंगा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी रहा।


फिलहाल, उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है, लेकिन नियमित ड्रेसिंग और देखभाल की आवश्यकता है। इसके लिए गांव के डॉक्टर और नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगातार उपचार कराया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


*48 वर्षों बाद बन्दा में सजा भक्ति का महासंगम, रुद्र महायज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मेला बना आकर्षण का केंद्र – Doorbeen News*





