समस्तीपुर में 1.42 लाख पेंशनधारियों की राशि रोकी गई, इन कारणों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

समस्तीपुर: जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़े 1 लाख 42 हजार 61 लाभार्थियों की पेंशन राशि फिलहाल रोक दी गई है। वजह यह है कि इन लाभार्थियों ने 31 मार्च तक अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा नहीं किया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रमाण पत्र जमा होने के बाद ही पेंशन भुगतान दोबारा शुरू किया जाएगा।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग के आंकड़ों के अनुसार समस्तीपुर जिले में कुल 5 लाख 17 हजार 264 लाभार्थी विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इनमें वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लाभुक शामिल हैं। विभागीय समीक्षा में पाया गया कि 3 लाख 75 हजार 82 लाभार्थियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना जीवित प्रमाण पत्र अपडेट करा दिया, जबकि 1 लाख 42 हजार 61 लाभुक ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद इन सभी की पेंशन राशि रोक दी गई।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक साक्षी ने बताया कि सरकार की ओर से 31 मार्च तक जीवित प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य किया गया था, ताकि मृत लाभार्थियों के नाम पर भुगतान रोका जा सके और वास्तविक पात्रों को ही योजना का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों की पेंशन रुकी है, वे घबराएं नहीं, बल्कि जल्द से जल्द अपने नजदीकी सीएससी पर जाकर या उन्हें बुलाकर जीवित प्रमाण पत्र जमा कर दें।

विभाग के अनुसार प्रमाण पत्र जमा होने के बाद सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर पेंशन भुगतान फिर से शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में बुजुर्ग लाभार्थियों को इस फैसले से परेशानी हो रही है, क्योंकि पेंशन उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का मुख्य सहारा है। विभाग अब पंचायत स्तर पर भी सूचना पहुंचाने की तैयारी कर रहा है ताकि शेष लाभार्थी जल्द प्रक्रिया पूरी कर सकें।

: विभूतिपुर में है सबसे अधिक लाभुक वंचित: बता दे की विभूतिपुर प्रखंड में सबसे अधिक 12459 लाभुकों का जीवित प्रमाण पत्र लंबित है, यानी की उन्होंने अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है। वही कल्याणपुर प्रखंड में 10042 लाभूको का प्रमाण पत्र जमा नहीं किया गया है। उजियारपुर में 9793, सरायरंजन में 8882, रोसड़ा में 8103 लाभुकों का प्रमाण पत्र नहीं देने कारण पेंशन बंद कर दिया गया है। जबकि सबसे कम मोहनपुर प्रखंड में 3544 लाभुकों ने अपना प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है।

ताजपुर में गेहूं फसल कटनी प्रयोग का प्रयोग, प्रति हेक्टेयर लगभग 40 क्विंटल उत्पादन अनुमानित – Doorbeen News

ताजपुर में गेहूं फसल कटनी प्रयोग का प्रयोग, प्रति हेक्टेयर लगभग 40 क्विंटल उत्पादन अनुमानित 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *