दीक्षांत समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीयता का पढ़ाया गया पाठ

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के उच्चतर उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय रानीपरती से मैट्रिक व बारहवीं के पास आउट छात्र-छात्राओं के सम्मान में दीक्षांत समारोह का आयोजन शनिवार को किया गया। इस कार्यक्रम में उत्साह और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यनारायण आर्य ने किया। जबकि संचालन शिक्षक अर्जुन कुमार ने कुशलतापूर्वक किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीईओ रामजन्म सिंह कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से आगत अतिथियों का स्वागत पाग माला से किया गया।

इसके बाद छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं रितुराज कुमार (457 अंक), आदित्य कुमार (438 अंक), दिलखुश कुमार (435 अंक), अंकिता कुमारी (418 अंक), सोनम कुमारी (414 अंक), राहुल कुमार (411 अंक), प्रीतम कुमार (406 अंक) तथा अमन कुमार (405 अंक) एवं विवेक सहित सभी छात्र-छात्राओं को मेडल प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

प्रोत्साहन पा रहे छात्र-छात्राओं के चेहरे पर जहां भविष्य की उम्मीदें दिखीं, वहीं अपने साथियों से बिछड़ने का भावुक माहौल भी नजर आया।

मुख्य अतिथि बीईओ रामजन्म सिंह ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और विद्यालय का नाम रोशन करने की बात कही।

बीईओ ने कहा कि राष्ट्र प्रेम के प्रति हमेशा सजग रहते हुए देश की खातिर जीना सीखें। इस अवसर पर मुखिया विनोद पासवान ने छात्र-छात्राओं के मनोबल को बढ़ाने का काम किया।

वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यनारायण आर्य ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विद्यालय के प्रति जुड़ाव को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय से 31 मार्च को अवकाश ग्रहण करने वाली शिक्षिका कुमारी विमल राय के सम्मान में विदाई सह सम्मान दिया गया। मौके पर ललित पंडित, धर्मेंद्र कुमार, अर्जुन कुमार, श्याम बाबू दिनेश प्रसाद सिंह हीरानंद झा, शारदा आनंद, प्रमोद कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *