मंडल ने न केवल अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया, बल्कि कई क्षेत्रों में नए कीर्तिमान भी स्थापित किए : DRM

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने दिनांक 04 अप्रैल 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, सोनपुर के सभा कक्ष में आयोजित एक विस्तृत संवाददाता सम्मेलन में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025– 26 के दौरान मंडल द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय उपलब्धियों, राजस्व वृद्धि, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा आगामी विकास परियोजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।

अपने संबोधन में श्री सरन ने कहा कि सोनपुर मंडल ने बीते वित्तीय वर्ष में हर क्षेत्र में संतुलित एवं प्रभावी प्रदर्शन किया है, जिसमें माल लदान, यात्री सेवाएँ, गैर-भाड़ा राजस्व तथा अवसंरचना विकास प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मंडल ने न केवल अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया, बल्कि कई क्षेत्रों में नए कीर्तिमान भी स्थापित किए।

माल लदान के क्षेत्र में मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की। वर्ष 2025–26 के दौरान कुल 1,702 रेक लोड किए गए, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1,591 थी। इसी प्रकार माल राजस्व बढ़कर ₹517.01 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष के ₹509.11 करोड़ से अधिक है। उर्वरक लदान में विशेष वृद्धि दर्ज की गई, जो 655 रेक तक पहुँच गया—यह पिछले वर्ष के 532 रेक की तुलना में 23.12 प्रतिशत अधिक है। उर्वरक से प्राप्त आय ₹141.16 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष ₹90.75 करोड़ थी।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर माह में पहली बार इस मद से ₹100 करोड़ से अधिक की आय प्राप्त हुई।
इसके अतिरिक्त, लीज्ड SLR (पार्सल) से ₹1.52 करोड़ की आय अर्जित की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 137.21 प्रतिशत अधिक है। गैर-भाड़ा राजस्व (NFR) के क्षेत्र में भी मंडल ने अब तक की सर्वाधिक ₹5.25 करोड़ की आय प्राप्त की, जो निर्धारित लक्ष्य से 14 प्रतिशत अधिक है। टिकट जांच अभियान के अंतर्गत ₹52.30 करोड़ की आय प्राप्त हुई तथा 7.81 लाख मामलों का निष्पादन किया गया।

वहीं, पार्किंग से ₹5.81 करोड़ की आय हुई, जो लक्ष्य से 12.60 प्रतिशत अधिक है।
श्री सरन ने बताया कि पासराहा में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन EOL आधार पर किया गया, जो क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स को नई गति प्रदान करेगा। समग्र रूप से मंडल की कुल आय ₹1,190.89 करोड़ रही, जिसमें ₹517.01 करोड़ माल राजस्व, ₹595.81 करोड़ यात्री राजस्व तथा ₹5.25 करोड़ गैर-भाड़ा राजस्व शामिल है।

माल परिवहन के संदर्भ में मंडल ने कुल 3.81 मिलियन टन लदान किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2 प्रतिशत अधिक है। प्रमुख वस्तुओं में पेट्रोलियम उत्पाद (POL) का योगदान सर्वाधिक रहा, जिसमें 699 रेक लोड किए गए और ₹293 करोड़ की आय हुई। इसके अतिरिक्त उर्वरक, मक्का, CP कोक एवं फ्लाई ऐश का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में मंडल ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। दिव्यांगजनों के लिए 530 ऑनलाइन दिव्यांग कार्ड जारी किए गए, जिससे पहचान, रियायत एवं आरक्षण की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी। इसके साथ ही 9,670 दावों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया गया। सभी UTS एवं PRS काउंटरों पर डायनेमिक QR कोड स्कैनर लगाए गए, जिससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिला और यात्रियों को सुविधा हुई। बेगूसराय स्टेशन पर तत्काल टिकट व्यवस्था हेतु पूर्णतः स्वचालित “क्यू-मित्र” प्रणाली अपनाई गई है।

भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी एवं खगड़िया स्टेशनों पर अतिरिक्त होल्डिंग एरिया का निर्माण किया गया। उल्लेखनीय है कि पूर्व मध्य रेल के सभी मंडलों में सोनपुर मंडल को सर्वाधिक रेल कोच रेस्टोरेंट (बरौनी, हाजीपुर, एवं खगड़िया) बेगूसराय में निर्मांधीन संचालित करने का गौरव प्राप्त है, जिससे ₹1.80 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त, मंडल में सर्वाधिक 4 Deluxe टॉइलेट परियोजनाएँ (हाजीपुर, बरौनी 02 एवं नौगछिया) संचालित होगी, जिनसे प्रति वर्ष ₹1.01 करोड़ की आय होगी।

त्योहारों एवं विशेष अवसरों के दौरान बढ़ी हुई यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए मंडल द्वारा 25 विशेष ट्रेनों का सफल संचालन किया गया। इन ट्रेनों ने अमृतसर, आनंद विहार टर्मिनल, लोकमान्य तिलक टर्मिनल एवं अहमदाबाद जैसे प्रमुख गंतव्यों को जोड़ा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली।

नई ट्रेन सेवाओं के अंतर्गत वैशाली से कोडरमा के बीच बुद्ध सर्किट ट्रेन का स्थायी संचालन प्रारंभ किया गया, जो धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। अवसंरचना विकास के क्षेत्र में भी मंडल ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। गोरौल एवं तुर्की स्टेशनों पर 3 मीटर चौड़े तथा सोनपुर एवं बरौनी स्टेशनों पर 6 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण किया गया। 19 NSG-5 स्टेशनों पर लो-कॉस्ट शेड बनाए गए। अक्षयवट राय नगर गुड्स शेड पर व्हार्फ का कंक्रीटीकरण किया गया तथा गरहरा, सराय एवं हरौली फतेहपुर गुड्स शेड पर प्री-फैब्रिकेटेड पेयजल सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।

स्टेशन विकास के अंतर्गत दिघवारा, सोनपुर, शाहपुर पटोरी एवं भगवानपुर स्टेशनों के उन्नयन कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएँ प्राप्त होंगी। भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए श्री सरन ने बताया कि 14 ABSS स्टेशनों एवं बरौनी जंक्शन के व्यापक विकास के लिए लगभग ₹550 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त लगभग ₹332 करोड़ की लागत से 40 से अधिक परियोजनाएँ स्वीकृत की गई हैं।

इनमें 9 स्टेशनों पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म, 3 गुड्स शेड पर व्हार्फ विस्तार, सभी गुड्स शेड एवं पार्सल कार्यालयों में CCTV की स्थापना, 3 स्टेशनों पर नए द्वितीय प्रवेश स्टेशन भवन, बरौनी में TTE रनिंग रूम, 4 स्टेशनों पर FOB तथा 4 स्टेशनों पर एप्रोच रोड का निर्माण शामिल है। साथ ही सभी ABSS स्टेशनों के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा।

अपने संबोधन के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सोनपुर मंडल भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के उन्नयन, राजस्व वृद्धि एवं सुरक्षित, आधुनिक तथा पर्यावरण अनुकूल रेल सेवाओं के संचालन हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि मंडल की उपलब्धियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *