व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां किसानों की मेहनत पर आग ने पानी फेर दिया।
खेतों में लगी भीषण आग, तैयार गेहूं की फसल जलकर खाक हो गया।
समस्तीपुर के खानपुर प्रखंड अंतर्गत इलमासनगर कादरचक निवासी किसान मोहम्मद फारुख अंसारी, रजी अहमद खां, उमेर खां एवं अलाउद्दीन अंसारी—के खेतों में लगी तैयार गेहूं की फसल शुक्रवार दोपहर अचानक आग की चपेट में आ गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट बिजली तार में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी नीचे खेत में गिर गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब एक एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
इतना ही नहीं, आग की लपटों से पास में लगी मकई की फसल भी झुलस गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों की
महीनों की मेहनत जलकर राख हो चुकी थी।
किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके।
यह घटना एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े करती है, क्योंकि जर्जर तारों और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं लगातार किसानों के लिए खतरा बनती जा रही हैं।







