व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर: आगामी 5 दिनों पछुआ हवा के कारण मौसम का मिजाज तल्ख रह सकता है। आम तौर पर मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। आगामी 07 अप्रैल 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर बिहार के जिलों में मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम में दिखेगा आंशिक बदलाव : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी आगामी 07 अप्रैल 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर बिहार के जिलों में मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।


कहीं कहीं तेज हवा के साथ ओलावृष्टि की संभावना : इस अवधि में आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार 7 अप्रैल के आसपास अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं अन्य दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रह सकता है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि वर्षा के दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। विशेष रूप से 7 अप्रैल को वर्षा के दौरान तेज हवा चलने की संभावना अधिक जताई गई है।
तापमान और हवा का रुख : जारी पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस दौरान 8 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चल सकती है। वहीं सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 50 से 60 प्रतिशत तथा दोपहर में 20 से 30 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गई है।


सतर्कता बरतें किसान : मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए फसलों की सिंचाई, कटाई एवं भंडारण कार्यों में सतर्कता बरतें। विशेषकर गरज-चमक, तेज हवा और संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए खेतों और तैयार फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की जरूरत है।







