विभूतिपुर थाना क्षेत्र में गार्ड को बंधक बनाकर जेवर दुकान में चोरी मामले में खुलासा, सरगना गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

समस्तीपुर। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर महावीर चौक स्थित झा जी कॉम्प्लेक्स में राजलक्ष्मी ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मदपुर सकड़ा वार्ड-7 निवासी घुरण सहनी के पुत्र शिवचंद्र सहनी के रूप में हुई है। वह इस कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त था और पूरे गिरोह का संचालन करता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

साथ ही उसने कई अन्य चोरी एवं लूट की घटनाओं में भी अपनी भूमिका कबूल की है। घटना 21 नवंबर 2025 की देर रात की है। बताया जाता है कि बदमाशों ने पहले झा जी कॉम्प्लेक्स में तैनात रात्रि प्रहरी सुकबहादुर को निशाना बनाया था। उसे कब्जे में लेकर हाथ-पैर बांध दिए और सुनसान स्थान पर ले जाकर नदी में फेंक दिया था, ताकि वह किसी को सूचना न दे सके। इसके बाद चोरों ने आराम से दुकान का ताला काटा और अंदर प्रवेश किया था। दुकान के भीतर पहुंचकर बदमाशों ने तिजोरी का लॉक तोड़ दिया और करीब 40 से 50 ग्राम सोने के आभूषण तथा लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिया था।

घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को उखाड़ दिया और उसका हार्ड डिस्क भी साथ ले गए थे। घटना की जानकारी अगली सुबह तब हुई,  जब स्थानीय लोगों की नजर नदी किनारे बंधक बनाए गए रात्रि प्रहरी पर पड़ी थी लोगों ने इसे सुरक्षित बाहर निकाला।

दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह 21 नवंबर की शाम करीब 7 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह सूचना मिलने पर जब वे दुकान पहुंचे तो ताला टूटा पाया और अंदर सामान बिखरा हुआ था। तिजोरी से लाखों रुपए के आभूषण गायब थे।

केस के आयो अरशद इमाम अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक सक्रिय अपराधी है और लंबे समय से इस गिरोह का संचालन कर रहा था। इसकी गिरफ्तारी के बाद कई अन्य मामलों के भी खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *