व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय सालेपुर के छात्र छात्राओं को मंगलवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए दरभंगा रवाना किया गया। यह भ्रमण मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के दर्जनों बच्चों ने भाग लिया।
बस के माध्यम से बच्चों को दरभंगा भेजा गया, जहां वे शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। विद्यालय परिसर से जैसे ही बस रवाना हुई, बच्चों के चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था। इस भ्रमण के दौरान छात्र छात्राएं दरभंगा यूनिवर्सिटी, राज मैदान तथा संग्रहालय म्यूजियम का अवलोकन करेंगे।
इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों को अनुशासन बनाए रखने और भ्रमण के दौरान अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार महतो ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर वास्तविक जीवन से जुड़ी जानकारी प्राप्त होती है।


उन्होंने कहा कि बच्चों में सीखने की जिज्ञासा बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आगे कहा कि भ्रमण के दौरान बच्चे विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और ऐतिहासिक स्थलों को देखकर नई चीजें सीखेंगे, जिससे उनकी सोच और समझ का दायरा व्यापक होगा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे और बच्चों को सुरक्षित एवं सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।








