वर्ग आठ के छात्र-छात्राओं के सम्मान में जूनियर बच्चों द्वारा कार्यक्रम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बांधा समां

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलवारा के सातवीं वर्ग के छात्र-छात्राओं द्वारा वर्ग आठ के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। अपने सीनियर के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका नवजोत कौर ने कुशलतापूर्वक किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीईओ रामजन्म सिंह तथा पूर्व संकुल समन्वयक विकेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद पूर्व बीआरपी सह इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

वर्ग सात के छात्रों ने अपने सीनियर्स को मजेदार और भावनात्मक सम्मान देकर समारोह को यादगार बना दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सम्मान पा रहे छात्र-छात्राओं के चेहरे पर जहां भविष्य की उम्मीदें दिखीं, वहीं अपने साथियों से बिछड़ने का भावुक माहौल भी नजर आया।

मुख्य अतिथि बीईओ रामजन्म सिंह ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और विद्यालय का नाम रोशन करने की बात कही।

वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विद्यालय के प्रति जुड़ाव को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक रामनाथ पंडित, शिक्षक अरुण कुमार, उदय सिंह, मिन्न तुल्लाह रहमानी, प्रेम कुमार, रितेश कुमार, पंकज कुमार, शिवकुमार, सुरेंद्र मांझी, रोशन कुमार, कामिनी कुमारी, संगीता कुमारी, अनिता, मंजू कुमारी समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *