व्हाट्सएप से जुड़ने को लेकर क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर में गुरुवार को प्रेरण सत्र सह सम्मान समारोह का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार शशि की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. महेश कुमार चौधरी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में चयनित प्राची हनी (AIR-28), अभिषेक चौहान (AIR-102), आयुष कुमार (AIR-143) एवं साहिल कटारिया (AIR-791) शामिल हुए। सभी अतिथियों का मिथिला परंपरा के अनुसार पुष्पमाला, चादर, पाग, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

साथ ही सफल अभ्यर्थियों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अपने संबोधन में चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता के बाद भी व्यक्ति को अपने माता-पिता, परिजनों एवं साथियों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीवन में केवल यूपीएससी ही नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर बेहतर जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने कॉलेज के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के पहले चरण में चयनित होने पर प्रधानाचार्य को बधाई दी।प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार शशि ने कहा कि महाविद्यालय का लक्ष्य छात्र-छात्राओं का चहुंमुखी विकास करना है। शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर सुधार किया जा रहा है, जिससे संस्थान प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
प्राची हनी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी परीक्षा में सफलता के लिए व्यवस्थित और समुचित तैयारी जरूरी है। साथ ही व्यक्तित्व विकास के लिए पाठ्येतर गतिविधियों में भाग लेना भी आवश्यक है।अभिषेक चौहान ने कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति का होना अत्यंत आवश्यक है।
आयुष कुमार ने तैयारी के लिए लॉन्ग टर्म प्लानिंग के साथ शॉर्ट टर्म माइक्रो प्लानिंग अपनाने की सलाह दी।साहिल कटारिया ने कहा कि धैर्य और निरंतर मेहनत से कोई भी परीक्षा कठिन नहीं रहती।कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोहित प्रकाश एवं डॉ. शालिनी कुमारी भावसिंका ने संयुक्त रूप से किया।








