‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, 49 विजेताओं को किया गया सम्मानित

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहाँ क्लीक करें

‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, 49 विजेताओं को किया गया सम्मानित

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : बिहार दिवस 2026 के अवसर पर उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, धुरलख में ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डीपीओ एसएसए जमालुद्दीन, संभाग प्रभारी हरिश्चंद्र राम, रमेश कुमार तथा अकाउंटेंट ऑफिसर सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया।

इस प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5, 6 से 8 तथा 9 से 12 तक के बालक एवं बालिकाओं को तीन वर्गों में विभाजित कर गणित ओलंपियाड, क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी प्रतियोगिताएं ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर आधारित थीं, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, कल्पनाशक्ति और रचनात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया। जिले के सभी 20 प्रखंडों से प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चयनित बालक एवं बालिकाओं ने इसमें भाग लिया।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में प्रधानाध्यापक सुमित कुमार, मनीष चंद्र प्रकाश, गौतम बिहारी, डोली कुमारी एवं रितेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं आयोजन के सफल संचालन में नोडल शिक्षक ऋतुराज जायसवाल, मंगलेश कुमार, डॉली मिश्रा, राहुल कुमार, सुभीत कुमार सिंह, मनीषा कुमारी एवं रंजना कुमारी ने सराहनीय योगदान दिया।
प्रतियोगिता के प्रारंभ से पूर्व मोरवा प्रखंड की शिक्षिका ज्योति श्वेता ने कठपुतली प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन करते हुए शिक्षा का संदेश दिया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

मौके पर तीनों वर्गों की प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बालक-बालिकाओं को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर संभाग प्रभारी ने बताया कि तीनों विधाओं में कुल 49 बालक एवं बालिका प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिन्होंने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि कक्षा 6 से 8 तथा 9 से 12 वर्ग में सभी विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को बिहार दिवस के अवसर पर पटना ले जाया जाएगा, जहां वे राज्य स्तर पर अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं कक्षा 1 से 5 के विजेता बालक-बालिकाओं सहित अन्य विजेताओं को जिला मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *