व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
विद्यापतिनगर में रेलवे ट्रैक पर मिला महिला और बच्चे का शव
Doorbeen News Desk: विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के हाजीपुर–बछवाड़ा रेलखंड पर गुरुवार की सुबह विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर पूरब मऊ गांव के समीप, पोल संख्या 203/28 के समीप एक विवाहिता महिला और उसके एक वर्षीय बच्चे का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगो की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला और बच्चे की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। लोगों का कहना था कि घटनास्थल के आसपास संघर्ष या दुर्घटना के स्पष्ट निशान नहीं दिख रहे हैं। घटना स्थल मऊ गांव के समीप पड़ता है, जहां सुबह स्थानीय लोगो एवं रेल कर्मियों ने शवों को देखा।
रेलवे कर्मियों के मुताबिक बच्चे का शव रेलवे पटरी पर पाया गया, जबकि महिला का शव पटरी के बगल में पड़ा हुआ था। शवों की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला रेल दुर्घटना का है या किसी आपराधिक घटना का।


सूचना मिलते ही विद्यापतिनगर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि फिलहाल महिला और बच्चे की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है और गुमशुदगी से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
इसके साथ ही घटनास्थल और रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों के समय की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना किस समय हुई। इस घटना को लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं,
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने बच्चे के साथ खुदकुशी की है, या उसकी हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया है। इधर घटना स्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर जांच किया। टीम ने मौके से साक्ष्य लेकर गई, जांच उपरांत रिपोर्ट समिट किया जायेगा।
डीएसपी विवेक शर्मा ने बताया कि रेलवे लाइन किनारे महिला व एक वर्षीय बच्चे का शव मिला हैं। प्रथम दृष्टिया कही और हत्या कर शव को यहां फेंकना प्रतित हो रहा है। पुलिस जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से मामले में आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।






