व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
राज्य की सभी नदियां अतिक्रमण मुक्त होंगी
Doorbeen News Desk: सरकार राज्य की नदियों को अतिक्रमण मुक्त कराएगी। नदियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को विधान परिषद यह ऐलान किया। कब्जा करने वालों पर अतिक्रमणवाद चलाकर दंडित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना संबंधित जिलाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया है।
जल संसाधन मंत्री ने विधानपरिषद की पहली पाली में निर्दलीय महेश्वर सिंह के सवाल पर यह जानकारी दी। निर्दलीय महेश्वर सिंह ने सरकार का ध्यान आकृष्ट कर पूछा कि राज्य की छोटी नदियों का अस्तित्व बचाने एवं भूजल स्तर को बरकरार रखने के संबंध में सरकार क्या उपाय कर रही है?
उन्होंने यह भी कहा कि भूमाफिया नदी की धारा को बांधकर अतिक्रमण करते जा रहे हैं। इस पर भी अंकुश लगना चाहिए। इसके लिए सरकार कार्ययोजना बनाए।


सर्वे कराकर नदियों का जीर्णोद्धार करवाए। भूमाफिया से नदियों का संरक्षण हो। इस पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मामले में संज्ञान लिया है। नदियों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
उनसे कहा गया है कि कब्जे की जानकारी संबंधित डीएम को दें। अतिक्रमणवाद चलाकर कार्रवाई करें। इस पर महेश्वर सिंह ने सुझाव दिया कि अतिक्रमणमुक्त करवाकर सरकार नदियों के पुनर्जीवन का भी प्रयास करे।
इसके लिए कार्ययोजना बनाई जाए। मंत्री ने कहा कि राज्य में हाल में भूगर्भ जलस्तर बढ़ा है। यह जलजीवन हरियाली अभियान के तहत किए गए उपायों से हुआ है।







