समस्तीपुर में 24 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे जनसभा को संबोधित, दुधपुरा हवाई अड्डा में सभा होने की संभावना

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

समस्तीपुर में 24 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे जनसभा को संबोधित, दुधपुरा हवाई अड्डा में सभा होने की संभावना

Doorbeen News Desk: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अब राज्य में प्रचार का माहौल तेज़ी से बनता जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अक्टूबर को समस्तीपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी बिहार में एनडीए के चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे।

समस्तीपुर की धरती को राजनीतिक दृष्टि से हमेशा से खास माना जाता रहा है। यह वही धरती है जहाँ से जननायक कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय और जनहित की राजनीति को नई दिशा दी थी। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा को प्रतीकात्मक रूप से भी बेहद अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी समस्तीपुर में होने वाली इस सभा में एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे।

इस दौरान वे बिहार सरकार की उपलब्धियों, केंद्र की विकास योजनाओं और आने वाले समय में बिहार के लिए एनडीए की योजनाओं को जनता के सामने रखेंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा और कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। स्थल का चयन हो चुका है और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके का मुआयना भी कर लिया है। एनडीए की स्थानीय इकाईयों ने सभा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी की सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा, जदयू, हम और एलजेपी (रा) के कार्यकर्ता मिलकर सभा को सफल बनाने में जुटे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि समस्तीपुर से शुरू होने वाला यह जनसंपर्क अभियान पूरे बिहार में एनडीए के लिए ऊर्जा और नई दिशा देने का काम करेगा। सूत्रों के अनुसार समस्तीपुर के दूधपूरा हवाई अड्डा में प्रधानमंत्री की सभा होने की संभावना है। जिसकी तैयारी की जा रही है।