शिवाजीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोची गांव में भूसे के घर से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, कारोबारी फरार

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

शिवाजीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोची गांव में भूसे के घर से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, कारोबारी फरार

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर थाना अंतर्गत रहियार उत्तर पंचायत के कोची गांव में शुक्रवार देर रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में एक भूसा रखने वाले मकान से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।

अनुमान है कि जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। जानकारी के अनुसार, आगामी विश्वकर्मा पूजा और दुर्गा पूजा के मद्देनजर शराब की अवैध सप्लाई की तैयारी चल रही थी। शराब कारोबारी ने त्योहारों के दौरान मोटी कमाई के इरादे से शराब की बड़ी खेप मंगाई थी, जिसे उसने बड़ी चालाकी से भूसे के घर में छिपा रखा था।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में कुल 56 कार्टन विदेशी शराब और 3 कार्टन बियर बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 544.92 लीटर बताई जा रही है। विदेशी शराब में प्रमुख रूप से रॉयल स्टैग, इंपीरियल ब्लू, और टेनिक क्लासिक व्हिस्की, बियर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस को भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कारोबारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

इस छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के साथ अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, राजेश कुमार, देवेंद्र पासवान समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि यह शिवाजीनगर पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। त्योहार के समय जिस प्रकार अवैध शराब की तस्करी बढ़ जाती है, ऐसे में यह कार्रवाई समाज में शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश देती है। उन्होंने यह भी कहा कि फरार कारोबारी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।