व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
समस्तीपुर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन, प्राचार्य ने किया झंडोतोलन
दूरबीन न्यूज डेस्क। समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. मीना प्रसाद ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन एवं देशभक्ति का परिचय देते हुए आकर्षक परेड प्रस्तुत की।


अपने संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. मीना प्रसाद ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की आज़ादी के लिए हुए बलिदानों को याद किया। उन्होंने अपने 17 वर्षों के प्रधानाचार्य कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा शिक्षा, अनुशासन, छात्र कल्याण और कॉलेज के समग्र विकास के क्षेत्र में प्राप्त की गई उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने महाविद्यालय के सभी शिक्षक तथा शिक्षकेतर कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की। साथ ही छात्रों को न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए भी प्रेरित किया।


कार्यक्रम का मंच संचालन वित्त पदाधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ राहुल मनहर ने किया। समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. मीना प्रसाद ने एनसीसी कैडेट्स को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा 13 से 14 अगस्त तक आयोजित भाषण प्रतियोगिता, क्विज़ प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
अंत में सभी उपस्थित लोगों के बीच मिठाई वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। समारोह में समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।






