सोनपुर स्टेशन की दुकानों का सफल ई-नीलामी द्वारा आवंटन: रेलवे को मिलेगा ₹88.89 लाख का नॉन-फेयर राजस्व

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

सोनपुर स्टेशन की दुकानों का सफल ई-नीलामी द्वारा आवंटन: रेलवे को मिलेगा ₹88.89 लाख का नॉन-फेयर राजस्व

दूरबीन न्यूज डेस्क। सोनपुर मंडल, पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत स्थित सोनपुर रेलवे स्टेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वाणिज्यिक दुकानों के आवंटन हेतु दिनांक 02 अगस्त एवं 05 अगस्त 2025 को ई-नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। इस प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न स्थानों की दुकानों एवं स्टॉलों का पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धी तरीके से आवंटन किया गया।

दिनांक 02 अगस्त 2025 को सोनपुर स्टेशन के एप्रोच रोड पर स्थित दुकानों की ई-नीलामी में कुल 365 में से 35 दुकानों का सफलतापूर्वक आवंटन किया गया। इस प्रक्रिया से रेलवे को प्रति वर्ष ₹5,56,409 का राजस्व प्राप्त होगा, जिससे तीन वर्षों में कुल ₹16,69,227 की आय सुनिश्चित की गई है। यह पहल रेलवे की “आयवर्धन नीति” के तहत नॉन-फेयर रेवेन्‍यू (NFR) बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

इसके अतिरिक्त, दिनांक 05 अगस्त 2025 को खगड़िया स्टेशन के माल गोदाम चौक, कन्हौली FOB के समीप एवं सोनपुर स्टेशन परिसर में स्थित NFR स्टॉलों एवं दुकानों की ई-नीलामी की गई। इस प्रक्रिया में उत्तम बोलीदाताओं के पक्ष में तीन वर्षों के लिए आवंटन किया गया, जिससे रेलवे को प्रति वर्ष ₹24,06,706 का राजस्व तथा तीन वर्षों में ₹72,20,118 की कुल प्राप्ति का अनुमान है।

इस प्रकार, दोनों चरणों की ई-नीलामी से कुल अनुमानित नॉन-फेयर राजस्व ₹88,89,345 होगा, जो मंडल की वाणिज्यिक नीति एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली की सफलता को दर्शाता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा *“रेलवे की परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग कर राजस्व वृद्धि हेतु की गई यह पहल मंडल की वाणिज्यिक उपलब्धियों का उदाहरण है।

यात्रियों को सुविधा देने के साथ-साथ रेलवे परिसरों में व्यवस्थित वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु इस प्रकार के प्रयास भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।”*

रेल प्रशासन द्वारा शेष दुकानों के लिए आगामी चरणों में पुनः ई-नीलामी आयोजित करने की जायेगी ,जिससे समस्त परिसंपत्तियों का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और रेलवे की राजस्व में और वृद्धि हो सके।