व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
विकास के लिए मजबूत नेतृत्व और निरंतरता हेतु एनडीए के पक्ष में हों एकजुट : मंत्री
दूरबीन न्यूज डेस्क। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने आज वन महोत्सव के अवसर पर समस्तीपुर के होटल रिवर व्यू में आयोजित “कुशवाहा मिलन समारोह सह पर्यावरण संगोष्ठी” में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया, बल्कि आगामी चुनाव को लेकर एनडीए के पक्ष में जनमत तैयार करने का भी आह्वान किया।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “जिस प्रकार एक वृक्ष लगाना मात्र काफी नहीं होता, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी हमारी होती है, ठीक उसी तरह राज्य के विकास के लिए भी मजबूत नेतृत्व और निरंतरता जरूरी है। बिहार के विकास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की जोड़ी सबसे प्रभावशाली और कारगर सिद्ध हुई है।” उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और विकास, दोनों साथ-साथ चल सकते हैं यदि इच्छाशक्ति और नेतृत्व मजबूत हो।

उन्होंने विगत वर्षों की तुलना करते हुए कहा कि 2004 से पहले बिहार विकास के नाम पर उपेक्षित था। उस समय की सरकारों ने राज्य को पिछड़ेपन की गर्त में धकेल दिया था। “एक समय था जब बिहारी शब्द गाली समझा जाता था, लेकिन एनडीए सरकार के आने के बाद अब बिहार गर्व का प्रतीक बन रहा है।” उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जिस रफ्तार से बिहार को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है, उसे किसी भी हाल में रुकने नहीं देना है।

इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार ने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए विपक्ष पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि “विपक्षी पार्टियाँ प्रोपेगंडा फैलाकर समाज को गुमराह करने का काम कर रही हैं। लेकिन अब वक्त है मजबूती से खड़े होने का, और बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक बार फिर से एनडीए को समर्थन देने का। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज के लोग उपस्थित थे।
डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारियों के साथ वे समाज और संगठन की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहे हैं। उनका यह सक्रियता जनसेवा और संगठनात्मक समर्पण का उदाहरण है। इस मिलन समारोह और संगोष्ठी के माध्यम से एक तरफ जहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश गया, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक एकजुटता का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक दुर्गा प्रसाद ने की! कार्यक्रम को पूर्व सांसद अस्वमेघ देवी ने भी सम्बोधित किया।






