व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी
दूरबीन न्यूज डेस्क। सूबे में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान कर बताया है कि मंगलवार को राज्य के पांच जिलों में अतिभारी तो छह में भारी बारिश के आसार हैं। मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में अतिभारी बारिश का औरेंज अलर्ट तो गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, शिवहर, दरभंगा, अररिया, किशनगंज में भारी बारिश का अलर्ट है।


इस हफ्ते के मौसम पूर्वानुमान में 29 जून तक राज्य में कई जगहों पर भारी बारिश के असार हैं। इस वजह से सूबे में तापमान नियंत्रित रहेगा। जिन जगहों पर बारिश नहीं होगी वहां उमस वाली गर्मी परेशान कर सकती है।
पटना में बूंदाबादी की रहेगी स्थिति : मौसमविदों के मुताबिक उत्तर बिहार में बारिश का सिस्टम विशेष प्रभावी रहेगा, लेकिन दक्षिण बिहार में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। सोमवार को पटना में भी आंशिक बूंदाबांदी हुई और दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही। हालांकि ठंडी हवाओं का प्रवाह भी दिन भर बना रहा। इससे तापमान नियंत्रित रहा।

मौसम विभाग की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में सर्वाधिक बारिश अररिया के फारबिसगंज में 132.4 मिमी दर्ज की गई। किशनगंज के गलगलिया में 70 मिमी, पश्चिमी चंपारण के गौनाहा में 65.4 मिमी, टेढ़ागाछ में 61.4 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 55.4 मिमी, रोहतास के नौहट्टा में 54.4 मिमी, भागलपुर के नाथनगर में 53.6 मिमी, मधुबनी के राजनगर में 50.2 मिमी बारिश हुई।






