राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए लालू प्रसाद ने नामांकन किया दाखिल

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए लालू प्रसाद ने नामांकन किया दाखिल

दूरबीन न्यूज डेस्क। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को लालू प्रसाद ने नामांकन दाखिल किया। इस इकलौते नामांकन की जांच मंगलवार को दोपहर होगी। उसके बाद उनके एकबार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। राजद के स्थापना वर्ष 1997 से ही लालू पार्टी अध्यक्ष हैं।

राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चितरंजन गगन के समक्ष लालू ने चार सेटों में अपना नामांकन पत्र प्रदेश राजद के कैम्प कार्यालय में दाखिल किया। प्रत्येक नामांकन पत्र पर राष्ट्रीय परिषद के 10-10 सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।

पांच जुलाई को हाेगी घोषणा: पार्टी के राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चितरंजन गगन ने कहा कि पांच जुलाई को पटना के बापू सभागार में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लालू के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा के साथ प्रमाणपत्र सौंपा जाएगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष की अध्यक्षता में खुला अधिवेशन होगा, जिसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा पेश प्रस्तावों पर चर्चा होगी।