व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
महिला ने की पति की ह’त्या, पुलिस ने दूसरे पति के साथ किया गिरफ्तार, बंद बोरे में बेगूसराय में मिली थी लाश
दूरबीन न्यूज डेस्क। बेगूसराय जिले की पुलिस ने समस्तीपुर जिले की एक महिला को उसके पहले पति की हत्या करने के आरोप में उसके दूसरे पति के साथ गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान गुंजा कुमारी और दूसरे आरोपी की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के विक्रमपुर बान्दे के रामनंदन राय के पुत्र मंजय राय के रूप में हुई है। मंजय राय, गुंजा कुमारी का दूसरा पति है।


बता दें कि बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर दोबटिया के पास 8 मई को बोरे में पुलिस को एक अज्ञात शव मिला था। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के हसनपुर निवासी भोला पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुंजा कुमारी ने करीब दो साल पहले भोला पासवान से प्रेम विवाह किया था। घरेलू विवाद के चलते वह छह महीने पहले ससुराल छोड़ मायके चली गई थी। वहां से उसके मौसा ने जबरन उसकी शादी मंजय राय से कर दी।



बाद में मंजय को गुंजा और भोला के पुराने रिश्ते की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने हत्या की साजिश रची। 7 मई की शाम गुंजा ने भोला को महुआ बुलाया। वहां से मंजय, उसके मौसा और एक सहयोगी ने भोला को सिरसी चौड़ (रोसड़ा) ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बोरे में बंद कर ताजपुर दोबटिया के पास फेंक दिया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।








