

दूरबीन न्यूज डेस्क। लूट की योजना विफल, चार अपराधी गिरफ्तार, दो पिस्तौल व 11 गोलियां बरामद, एक देशी कट्टा व बाइक भी पुलिस ने पकड़ा। बेतिया नगर के एक प्रोपर्टी डीलर से 12 लाख रुपया लूटने की योजना को विफल कर नगर पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी शनिवार की देर शाम बड़ा रमना मैदान से की गयी है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 11 गोलियां व चोरी की एक बाइक बरामद हुई है।


एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में मुफस्सिल थाना के बरवत पसराईन निवासी रवीन्द्र कुमार, ओमप्रकाश कुमार, चरगाहा के रोहित कुमार पटेल तथा बानूछापर थाना के बानूछापर हजमा टोला निवासी हरिओम कुमार उर्फ जिसिल शामिल है। उन्होंने बताया कि रोहित कुमार के विरूद्ध नगर थाना में धोखाधड़ी की एफआईआर पूर्व में दर्ज है। वहीं बानूछापर निवासी हरिओम कुमार का भी पुराना अपराधिक इतिहास है।


उसके विरूद्ध बानूछापर में आर्म्स एक्ट के दो मामले तथा उत्पाद अधिनियम का एक मामला व कुमारबाग में भी आर्म्स एक्ट का मामला पूर्व में दर्ज है। मामला यह है कि सर्विलांस के आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी अमरकांत के नेतृत्व में नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर ज्वाला सिंह समेत अन्य अधिकारियों की टीम ने इन अपराधियों को पकड़ा है।








