अपराध की योजना बना रहे चार बदमाशों को हथियार के साथ पुलिस ने दबोचा

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

दूरबीन न्यूज डेस्क। अपराध की योजना बना रहे चार बदमाशों को हथियार के साथ पुलिस ने दबोचा। समस्तीपुर जिले के पटोरी पुलिस ने गुप्त सूचना पर हेतनपुर धमौन स्थित रून्नी भूंईया गांव में एक झोपड़ी से अपराध की योजना बना रहे चार अपराधियों को शुक्रवार सुबह हथियार के साथ गिरफ्तार किया। हालांकि छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही गैंग के मास्टरमाइंड समेत तीन अपराधी भागने में सफल रहे।

इस संबंध में थानाध्यक्ष कुणाल चंद्र सिंह ने बताया कि दारोगा प्रमोद कुमार मंडल एवं अरशद इमाम अंसारी पुलिस बल के साथ धमौन में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी हथियार के साथ अपराध की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही दोनों दारोगा पुलिस बल के साथ हेतनपुर धमौन स्थित रून्नी भूंईया पहुंचे। जहां से पैदल चलकर पुलिस बताई गई झोपड़ी में पहुंची।

पुलिस को देखते ही सभी अपराधी भागने लगे, परंतु पुलिस ने उनका पीछा कर चार अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों में हरपुर सैदाबाद निवासी दिलीप कुमार के पुत्र उत्सव भारत, आमदीपुर धमौन निवासी उपेंद्र राय का पुत्र नीतीश कुमार, हेतनपुर निवासी रणजीत राय का पुत्र उदय कुमार एवं जितेंद्र राय का पुत्र प्रशांत कुमार शामिल हैं।

तलाशी में उत्सव भारत के पास से एक देसी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस एवं एक अन्य अपराधी के पास से दो जिंदा कारतूस मिला। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को देखकर भागने वाले अपराधियों में इस गैंग का मास्टर माइंड आमदिपुर धमौन निवासी अभिजीत राय के पुत्र विमल कुमार के अलावा अवधेश राय के पुत्र छोटू कुमार एवं मोहनपुर थाना क्षेत्र के सरारी निवासी राजा कुमार शामिल है।

विमल पूर्व से भी कई आपराधिक मामलों में वांछित है। इस पर पूर्व से ही आर्म्स एक्ट एवं लूट की घटना को अंजाम देने का मामला दर्ज है। पुलिस इसे लंबे समय से तलाश रही है। पूर्व में भी यह पुलिस को चकमा देकर भाग चुका है। उन्होंने बताया कि उत्सव भारत के पास से एक मोबाइल भी बरामद की गई है।

यह मोबाइल बीते 28 मई को मोहनपुर थाना क्षेत्र के सरारी गांव के पास एक डीजे संचालक से 10 हजार रुपए नगद समेत लूटी गई थी। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जब्त मोबाइल को भी खंगाला जाएगा। ताकि इसके नेटवर्क के बारे में पता चल सकें।

हसनपुर में संचालित निजी अस्पताल संचालक के विरुद्ध सीएस ने दिया F.I.R. का आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *