समस्तीपुर में श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल का सीएम ने किया उद्घटान, कहा – आसपास के लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधा, शीघ्र ही होगी मेडिकल छात्रों की पढ़ाई

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर के सरायरंजन प्रखंड के नारघोघी स्थित श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर रविवार को उद्घाटन के बाद सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस मेडिकल कॉलेज के बनने से जिले के साथ आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। जल्द ही मेडिकल कॉलेज में भी छात्रों की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 500 बेड वाले इस अस्पताल में आम जनों के लिए ओपीडी और इमरजेंसी सेवा की शुरुआत हो गई।

केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्म भूमि अयोध्या में देश के प्रधानमंत्री जिनके भगीरथ प्रयास से पूरे देश में विकास की गंगा बह रही है उनके द्वारा भगवान श्री राम की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होना है और आज मिथिला में श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन हो रहा है यह हम लोगों के लिए दोहरी खुशी की बात है।

मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन को लेकर राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने कहा कि यह समस्तीपुर जिले के लिए बड़े गर्व का दिन है कि आज यहां सीएम के द्वारा मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का उद्घाटन किया जा रहा है। इससे न सिर्फ समस्तीपुर बल्कि आसपास के जिले के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिल पाएगी। मेडिकल कॉलेज बनने से जहां मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को लाभ मिलेगा। वही इस अस्पताल के कारण लोगों को रोजगार के भी अवसर मिलेंगे।


श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री आलोक कुमार मेहता ने कहा कि आज यह हम लोगों के लिए और जिला वासियों के लिए खुशी की बात है कि यहां इतने बड़े मेडिकल कॉलेज स्थापित होकर शुरू होने जा रहा है। विकास के उत्कर्ष पर समस्तीपुर पहुंच रहा है इसका गवाह यह मेडिकल कॉलेज है और इंजीनियरिंग कॉलेज है। समस्तीपुर बिहार के मानचित्र पर एक विकसित जिला के रूप में उभरने जा रहा है

मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन के अवसर पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, राज्य सभा सांसद रामनाथ ठाकुर, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, शिक्षा मंत्री आलोक कुमार मेहता, विधायक अजय कुमार, रणविजय साहू, अख्तरुल इस्लाम शाहीन सहित कई विधायक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किये गए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव हेलीकॉप्टर से पहुंचे। उसके बाद उन्होंने ओपीडी भवन और इमरजेंसी सेवा का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री अस्पताल के अंदर मरीज को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्था का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *