

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। जनवरी माह में विभिन्न धार्मिक यात्राओं को लेकर रेलवे भी अलर्ट मोड में है। स्टेशनों व ट्रेनो में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने मंथन करते हुए सुरक्षा के बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। इसके तहत शनिवार को रेल पुलिस, आरपीएफ व रेल प्रशासन के बीच वीडियो कांफ्रेंसिंग के तहत समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुजफ्फरपुर रेल एसपी डॉ कुमार आशीष ने की।

इस बैठक में मुख्य रूप से विभिन्न धार्मिक यात्राओं पर विचार किया गया। जिसमें 18 जनवरी को अजमेर (राजस्थान) में ख्वाजा मोइनुद्वीन चिश्ती के उर्स के अवसर पर भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग रेल मार्ग से अजमेर यात्रा पर जाएंगे। वही 22 जनवरी को अयोध्या (उतर प्रदेश) में राम मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की स्थापना कार्यक्रम है, जिसमे सभी स्टेशनों से भारी संख्याओं में लोग अयोध्या जाएंगे। इसको देखते हुए रेल क्षेत्र में सुरक्षा-व्यवस्था पर विचार करते हुए रणनीति बनाई गई।

बैठक में प्राप्त सुझावों के अनुसार सभी रेलवे स्टेशन के पार्किंग में खड़ी वाहनों तथा पार्सल कार्यालय के पार्सल की डाॅग स्कवाॅड एवं मेंटल डिडेक्टर से जांच करने, स्पेशल ट्रेनों में बिना प्रॉपर चेकिंग का पार्सल लोड नही करने, अयोध्या एवं अजमेर जाने वाली ट्रेनों के समय स्टेशन पर विशेष चेकिंग, रेलवे स्टेशनों पर निर्माण कार्य में संलग्न व्यक्तियों का सत्यापन, स्टेशन एवं ट्रेनों में अभियान चलाकर अवैध हाॅकर के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करने, ट्रेनों के पेंट्रीकार स्टाफ एवं भेडंरों को अनिवार्य रूप से भारतीय रेल द्वारा निर्गत पहचान पत्र का धारण कराना आदि पर चर्चा की गयी

उक्त बैठक में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, हाजीपुर अमरेश कुमार, समस्तीपुर डीआरएम विनय श्रीवास्तव, समस्तीपुर आरपीएफ कमांडेंट एसजेए जानी, गोरखपुर के पीआरओ, सोनपुर एवं वाराणसी डीआरएम के प्रतिनिधि तथा वाराणसी, सोनपुर के आरपीएफ कमांडेंट एवं सभी रेल पुलिस उपाधीक्षक शामिल थे।

प्रमुख स्टेशनों पर श्वान दस्ता एवं बम निरोधक दस्ता से चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। जिसमें संवेदनशील रेलवे स्टेशनों में दरभंगा, लहेरियासराय, जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, बेतिया, बगहा, सिवान, छपरा, मुजफ्फरपुर पर विशेष सतर्कता बरतने निर्देश दिया गया।







