

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। स्वास्थ्य विभाग के कायाकल्प कार्यक्रम के तहत बिहार के मात्र 13 अस्पताल ही 70% अंक से ऊपर ला सका। यूं कहे तो 70% से अधिक अंक लाने वाले में बिहार के मात्र 13 अस्पताल ही शामिल है। जिसमें सबसे बेहतर स्थिति शेखपूरा की है। अस्पतालों की व्यवस्था एवं रखरखाव, साफ सफाई आदि पर किए गए मूल्यांकन के बाद यह अंक निर्धारित किया गया है। लक्ष्य एवं एनक्वास का प्रमाण पत्र मिलने के बाद भी समस्तीपुर सदर अस्पताल स्टेट रैंकिंग में 12वें रैंक को ही प्राप्त कर पाया।

कायाकल्प कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय अस्पतालों की सूची में समस्तीपुर सदर अस्पताल 12वें नंबर पर है। कायाकल्प कार्यक्रम के तहत पुरस्कार के लिए चयनित अस्पतालों में 70 प्रतिशत से अधिक रैंक लाने वाले में राज्य के मात्र 13 अस्पताल ही सफल हो पाया। 96 प्रतिशत से अधिक रैंक लाकर शेखपुरा सदर अस्प्ताल बिहार में सबसे पहले पायदान पर है। इसी प्रकार 93.3 प्रतिशत लाकर सदर अस्पताल भागलपुर दूसरे एवं 93.1 प्रतिशत अंक लाकर बेगूसराय सदर अस्पताल तीसरे पायदान पर है।

विदित हो कि कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तरीय अवार्ड कमेटी ने वर्ष 2023-24 के लिए पुरस्कृत होने वाले स्वास्थ्य संस्थानों के नामों की अनुशंसा की थी। जिसके बाद राज्य स्वास्थ्य समिति ईडी सह स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार सिंह ने सभी चयनित अस्पतालों की सूची जारी की। सूची के अनुसार राज्य स्वास्थ्य समिति के द्वारा जारी सूची में 91.7 प्रतिशत अंक लाकर सीतामढ़ी सदर अस्पताल चौथा रैंक प्राप्त कर सका।

इसी प्रकार 90.4 प्रतिशत के साथ बांका सदर अस्पताल पांचवा, 90.1 प्रतिशत के साथ सहरसा सदर अस्पताल छठा, 82.2 प्रतिशत अंक के साथ बक्सर सदर अस्पताल सातवां, 81.1 प्रतिशत के साथ खगड़िया सदर अस्पताल आठवां, 79.2 प्रतिशत के साथ गया सदर अस्पताल जेपीएन नौंवा, 78.6 प्रतिशत अंक के साथ कैमूर सदर अस्पताल दसवा रैंक लाया है। वहीं 72.4 प्रतिशत केसाथ सदर अस्पताल सुपौल 11वां, 70.9 प्रतिशत अंक लाकर समस्तीपुर 12वां एवं 70.4 अंक के साथ अरवल सदर अस्पताल को 13वां रैंक मिला है।

अनुमंडलीय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के रैंकिंग में दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल पूरे राज्य में अव्वल आया। दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल को सबसे अधिक 96 प्रतिशत अंक मिला है। वहीं मुजफ्फरपुर जिला के मुरौल सीएचसी को 93.4 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा एवं 91.1 प्रतिशत अंक के साथ कटिहार का सीएचसी बरारी तीसरे स्थान पर है। इसके अलावे समस्तीपुर जिले के अनुमंडलीय अस्पताल पूसा को 46वां रैंक है, जिसे कुल 73.8 प्रतिशत अंक मिला है। जबकि सीएचसी सरायरंजन को 59वां रैंक है, जिसे 71.1 प्रतिशत अंक तथा मोरवा सीएचसी को 70.5 प्रतिशत अंक के साथ 68वां रैक मिला है।

राज्य स्तरीय रैंक में 12वां स्थान लाने वाले सदर अस्पताल को मात्र तीन लाख रुपए के नकद पुरस्कार से संतोष करना होगा। जबकि अनुमंडलीय व सीएचसी रैंक में दलसिंहसराय को सबसे अधिक 20 लाख रुपए मिलेगा। वहीं एसडीएच पूसा, सरायरंजन एवं मोरवा सीएचसी को मात्र एक-एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार में मिलने वाले उक्त राशि को अस्पताल की व्यवस्था को सुधारने एवं बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों के बीच खर्च किए जाएंगे।






