यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
सोनपुर। पूर्व मध्य रेल का सोनपुर मंडल उचित टिकट व प्राधिकार के साथ यात्रा करने वाले रेल यात्रियों की सुविधा को लेकर निरंतर सजग व कार्यरत है। इस संबंध में बिना टिकट/उचित प्राधिकार के रेल यात्रा करने के विरुद्ध सोनपुर मंडल में निरंतर टिकट चेकिंग अभियान सघनतापूर्वक कराया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25 दिसंबर 2023 को सोनपुर मंडल के विभिन्न खण्डों पर सुबह 06.00 बजे से रात्रि 22.00 बजे तक 16 घंटे तक विशेष मेगा टिकट जांच अभियान चलाया गया।


इस दौरान वाणिज्य विभाग के अधिकारियों की अलग-अलग टीम तथा टिकट चेकिंग दस्ते एवं आरपीएफ जवान तैनात कर प्लेटफॉर्मों तथा स्टेशन से गुजरने वाली गाड़ियों मे विशेषकर एसी कोचों में गहनता से टिकट जांच अभियान चलाया गया जिसमें बिना टिकट/बिना उचित प्राधिकार के कुल 4253 मामलों से जुर्माने के रूप में 29.18 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई। इस अभियान के दौरान मंडल के सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बरौनी, बेगुसराय, खगड़िया, मानसी एवं नवगछिया आदि स्टेशनों पर मुख्य रूप से टिकट जांच किया गया ।


दिसम्बर माह में अब तक कुल लगभग 75 हजार मामलों से जुर्माने के रूप में 4.88 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। इन टिकट चेकिंग अभियानों के परिणामस्वरूप स्टेशनो के टिकट काउंटरो पर बढ़ी हुई भीड़ देखी गयी और यात्री उचित टिकट लेकर रेल यात्रा करने के प्रति जागरूक हुए। इस टिकट जांच अभियान में सोनपुर मंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारी एवं टिकट चेकिंग स्टाफ तथा आरपीएफ स्टाफ भी शामिल रहे। डीआरएम ने कहा कि इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान मंडल में आगे भी जारी रहेगा । यात्रियों से अनुरोध है कि बिना टिकट कभी भी रेल यात्रा न करें। सदैव रेल टिकट लेकर उचित श्रेणी में ही रेल यात्रा करें।







