यहां क्लीक कर हमारे व्हाटसएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। कोढ़ा गैंग की तरह गजब के स्कीम अपनाकर रुपए उड़ाने वाले एक अंतरजिला गिरोह के दो बदमाशों को नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह में शामिल अन्य बदमाशों की पहचान के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है। नगर थाना परिसर में प्रेसवार्ता करते हुए सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि चार अक्टूबर को जितवारपुर निजातमत निवासी चंद्रमणी राय के द्वारा सेंट्रल बैंक समस्तीपुर की शाखा से साढ़े तीन लाख रुपए ले जा रहे थे। इसी क्रम में गोला रोडके पास दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने झोला काटकर रुपए लेकर फरार हो गया था। इसमें पीड़ित व्यक्ति के द्वारा बताया गया था कि अज्ञात बदमाशों ने पहले उनके शरीर पर थूंक फेंक दिया। जिसे धोने के क्रम में उक्त दोनों बदमाशों ने पीड़ित के झोला काटकर रुपए ले लिया।



डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के द्वारा सदर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। विशेष टीम ने सेंट्रल बैंक एवं उसके पासपास के क्षेत्रों में लगे कई सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी टीम के द्वारा प्राप्त किए गए संदिग्धों का फोटोग्राफ कई जिलों में भेजा गया। सोशल मीडिया के माध्यम से अपराधियों की पहचान की गयी। इसके बाद विशेष टीम के द्वारा गोपालगंज जिले के भोरे थाना के भोरे के प्रिंस कुमार सिंह उर्फ गोलू सिंह को गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र से एवं बेगूसराय जिला के तेघरा थाना के हसनपुर के रौशन पांडेय को समस्तीपुर बस स्टैंडसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार दोनों बदमाशों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य चार साथियों के नाम का भी खुलासा किया।



डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह पता चला है कि पहले बिहार के कई जिलों में कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। ये लोग बैंक एवं आसपास खड़े होकर बैंक से रुपए निकासी करने वाले ग्राहकों की चोरी छिपे निगरानी करते हैं और मौका देखकर ग्राहकों को झांसा देकर रुपए छिन लेते हैं। डीएसपी ने बताया कि छिने गए रुपए की बरामदगी के लिए प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष टीम में नगर थानाध्यक्ष विक्रम आचार्या, डीआईयू शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, दलसिंहसराय थानाध्यक्ष अनिल कुमार, डीआईयू शाखा के दारोगा राहुल कुमार, शनि कुमार मौसम, राजन कुमार एवं सिपाही अखिलेश कुमार शामिल थे।






