समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के देसुआ रेलवे स्टेशन पर सोमवार को छात्रों के दो गुटों में जमकर भिड़त हुई। इस दौरान दोनों गुटो ने एक दूसरे पर जमकर रोड़े चलाये। इससे ट्रेन की बोगी की कई खिड़कियों के कांच टूट गये। जिसके कारण कई यात्रियों को भी चोट आयी। छात्रों की इस भिंड़त से यात्रियों में दहशत पसरा रहा। घटना की सूचना पर उजियारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तब स्थिति नियंत्रित हुई। यह घटना दोपहर 2 बजे के बाद हुई। इधर इस घटना की जानकारी मिलने के बाद समस्तीपुर रेल पुलिस भी मामले की जांच में जुट गयी है। रेल थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि दोषी की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।



बताया गया है कि समस्तीपुर से सहरसा जा रही ईएमयू पैसेंजर ट्रेन में समस्तीपुर स्टेशन पर ही छात्रों के गुटों में किसी बात को लेकर कहा सुनी शुरू हुई। जिसके बाद देसुआ स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही छात्रों में फिर विवाद हो गया। जिसके बाद मारपीट भी हुई। जिसे स्थानीय लोगो ने बीचबचाव कर शाांत कराया। फिर जैसे ही ट्रेन खुली इसके बाद उपद्रवियों ने रेलवे लाइन से रोड़ा पत्थर उठाकर एक दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया। इससे अन्य यात्री में भी अफरातफरी मच गई। हालंकि छात्रों को उपद्रव मचाते देख आसपास के लोग पहुंचे और दोनों गुटों के छात्रों को खदेड़ना शुरू किया।


जिससे दोनों गुट के छात्र तितर बितर हो गये। इस संबंध में उजियारपुर थाना के एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि उपद्रवी छात्र समस्तीपुर से विवाद करते आ रहे थे। देसुआ स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर रोड़ेबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि घटना में किसी यात्री के जख्मी होने की सूचना नही है। ट्रेन की कुछ खिड़कियां के कांच टूटने की शिकायत मिली है। इधर, दैनिक यात्रियों की माने तो पिछले कई दिनों से ट्रेन में छात्रों के बीच नोंकझोंंक हो रहा था। लेकिन सोमवार को यह तूल पकड़ लिया। जिसके कारण मारपीट के बाद रोड़ेबाजी की घटना हुई। जिसमें खिड़की किनारे बैठे कई यात्री चोटिल भी हुए।







