समस्तीपुर। स्वास्थ्य विभाग में तबादला के बाद त्रुटियों को दूर करने एवं अतिरेक कर्मियों को सामंजत्य नहीं किए जाने के विरोध में नौ अक्टूबर से आंदोलन शुरु किया जाएगा। बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी महासंघ के जिला मंत्री राजीव रंजन ने कहा कि पांच अक्टूबर तक मांगों पर विचार कर निष्पादन करने को लेकर सीएस को ज्ञापन सौंपा गया था। जिसमें मांग पूरा नहीं होने पर नौ अक्टूबर से आंदोलन करने की घोषणा भी की गयी। लेकिन निर्धारित समय के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया है। जिसके कारण नौ अक्टूबर से सीएस कार्यालय में सत्याग्रह आंदोलन शुरु किया जाएगा।



जिला मंत्री ने कहा कि सिविल सर्जन समस्तीपुर के टाल मटोल नीति एवं कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनहीनता एवं जिला स्वास्थ्य विभाग में भारी अनियमितता के खिलाफ यह आंदोलन है। यह आंदोलन अगले आदेश तक प्रत्येक दिन दस बजे से चार बजे तक सीएस कार्यालय पर किया जाएगा। जिला मंत्री राजीव रंजन ने बताया कि महासंघ के निर्णय के अनुसार सत्याग्रह आंदोलन में प्रत्येक दिन जिले के तीन-तीन पीएचसी से दस-दस कर्मी शामिल होंगे। ताकि आंदोलन के साथ-साथ अस्पतालों में आने वाले मरीजों को कोई परेशानी नहीं हो। इसके बावजूद भी अगर सीएस के स्तर से मांगों के निष्पादन में रुची नहीं दिखयी जाती है तो बाध्य होकर तालाबंदी से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।



जिला मंत्री ने बताया कि पहले दिन नौ अक्टूबर को जिला मुख्यालय के पदधारकों के अलावे सरायरंजन, पूसा एवं पटोरी पीएचसी से दस-दस कर्मी आंदोलन में हिस्सा लेंगे। दस अक्टूबर को मोरवा, समस्तीपुर एवं विभूतिपुर, 11 अक्टूबर को दलसिंहसराय, उजियारपुर व वारिसनगर, 12 अक्टूबर को कल्याणपुर, खानपुर एवं सिंघिया, 13 अक्टूबर को मोहिउद्दीननगर, सरायरंजन एवं पूसा व 14 अक्टूबर को हसपुर, बिथान एवं सिंघिया के साथी आंदोलन में शामिल होंगे।





