समस्तीपुर। छोटे भाई को सरकारी नौकरी लगने की खुशी में बड़ा भाई गांव में मंदिर की साफ सफाई करने के साथ रँगाई करने का फैसला लिया। सरकारी नौकरी लगने से घर के सभी सदस्य काफी खुश थे। लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। मंदिर की साफ सफाई के दौरान करंट लगने से बड़े भाई की मौत हो गई। जिसके कारण घर में मातम पसर गया। घटना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हुंडईया रुपौली गांव की बताई गई है। मुसरिघरारी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह मंदिर की साफ सफाई के दौरान बिजली का करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हुंडईया रुपौली गांव के ललित नारायण शाह के 23 वर्षीय पुत्र अर्जुन कुमार के रूप में की गई है।



बताया जाता है कि भाई की नौकरी लगने की खुशी में अर्जुन गांव के मंदिर के साफ सफाई कर रहा था। इसी दौरान बगल से गुजर रहे बिजली के 11 हजार वोल्ट की तार की चपेट में वह आ गया। इसके कारण वह झुलस गया। परिजनों ने आनन फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुन के मृत की घोषणा होते ही मृतक के घर में मातम पसर गया। फिलहाल मृतक युबक का शव सदर अस्पताल में पड़ा है।








