हाजीपुर। यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पटना और हावड़ा के मध्य अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिनांक 24 सितंबर 2023 को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से पटना- हावड़ा वंदे भारत ट्रेन सहित कुल 09 वंदे भारत ट्रेनों के परिचालन का शुभारंभ किया जायेगा।


पटना-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन बिहार राज्य की दूसरी वंदे भारत ट्रेन है। पटना- हावड़ा वंदे भारत ट्रेन पटना से हावड़ा के मध्य लगभग 532 किमी की दूरी 06 घंटे 30 मिनट में तय करेगी जो इस रेलखंड पर मौजूदा तेज ट्रेनों की तुलना में लगभग 01 घंटा 30 मिनट कम यात्रा समय होगा। यह ट्रेन पटना और हावड़ा से बुधवार को छोड़कर सप्ताह में 06 दिन परिचालित की जायेगी।


पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि पटना- हावड़ा वंदे भारत में कुल 08 कोच होंगे। जिसमें एग्जीक्यूटिव चेयर कार श्रेणी के 01 कोच तथा वातानुकूलित चेयर कार के 07 कोच होंगे। एग्जीक्यूटिव चेयर कार में सीटों की कुल संख्या 52 होंगी तथा वातानुकूलित चेयर कार में सीटों की कुल संख्या 478 होंगी।







