समसतीपुर/शिवाजीनगर। शिवाजीनगर ओपी के महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित शिवाजीनगर हाई स्कूल के गेट के सामने बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर एक छात्र का अपहरण करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की तत्परता से उसका अपहरण नहीं हो सका। पुलिस की सक्रियता देख बदमाश छात्र को छोड़ भाग निकले। इस संबंध में छात्र के चाचा के आवेदन पर पुलिस ने दो नामजद व दो अज्ञात प्राथमिकी दर्ज की है। अपहरण से बचने वाले छात्र की पहचान डुमरा मोहन पंचायत के नरसिंहा गांव के इंदल कुमार के रूप में हुई है।


उसके चाचा शोभाकांंत सिंह ने शिवाजीनगर ओपी में आवेदन दिया है। जिसमे खानपुर थाना के बथनाहा गांव निवासी रमेश प्रसाद सिंह के 22 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार उर्फ मोनू कुमार एवं चंद्रशेखर चरण सिंह के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार को नामजद किया है। बताया गया है कि इंदल सोमवार को शिवाजीनगर हाई स्कूल में परिचय पत्र लाने गया था। परिचय पत्र लेकर निकलने के समय ही गेट पर चार बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर उसे अपने कब्जे में ले अपहरण कर लिया। लेकिन किसी ने इसकी सूचना तुरंत शिवाजीनगर ओपी व रोसड़ा थाना को दी।


जिससे पुलिस तुरंत सक्रिय हो गयी। पुलिस की सक्रियता बढ़ते देख बदमाश इंदल को रोसड़ा थाना अंतर्गत सोनूपुर गांव के समीप सड़क किनारे छोड़ फरार हो गये। इस संबंध में शिवाजीनगर ओपी के अपर ओपी अध्यक्ष हंसराज राम ने बताया कि इंदल के चाचा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इंदल को बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया।







