समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले चोरों का आतंक लगातार जारी है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन किसी न किसी घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस की 24 घंटे गस्ती के दावों के बीच चोर लगातार चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिसिया व्यवस्था को धत्ता बता रहा है। लगातार चोरी की घटना होने से जहां आम लोग परेशान हैं, वहीं चोर गिरोह का खुलासा करना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। जिले के मोहिउद्दीननगर, दलसिंहसराय और उजियारपुर थाना क्षेत्र में धावा बोल दस लाख रुपये से अधिक के सामान चुरा लिये। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामलों की जांच में जुट गयी है। मोहिउद्दीननगर थाना के मोहिउद्दीननगर दक्षिण पंचायत के वार्ड 9 में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़ नकदी व सोने चांदी के जेवरात सहित दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चुरा ली। इस बावत गृहस्वामी कैलाश राय की पत्नी सुनैना देवी ने थाने में आवेदन दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच में जुटी है।

बताया जाता है कि 26 अगस्त को गृहस्वामी सुनैना देवी घर बंद कर अपने संबंधी के यहां कोलकाता गई थी। एक पखवाडा़ बाद सोमवार सुबह घर पहुंची तो सभी कमरे का ताला टूटा देख भौंचक रह गई। घर के पीछे का गेट भी टूटा हुआ था। वहीं गोदरेज व बक्सा के सामान बिखरे हुए थे। जेवरात के सभी डब्बा व पर्स फेका हुआ मिला।

लोगों का अनुमान है कि पीछे का गेट तोड़ अंदर घुसने के बाद चोरों ने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया। गृहस्वामी ने इसकी जानकारी मुखिया सुरेन्द्र राय और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुखिया और पुलिस घटना स्थल पहुंच मामले जांच में जुट गए। इधर, दलसिंहसराय थाने के असीनचक वार्ड 9 में रविवार रात एक घर से चोरों ने 22 हजार नकद समेत करीब 50 हजार रुपये के जेवर पर हाथ साफ किया। सोमवार सुबह जगने पर घर के लोगों को चोरी की जानकारी मिली।

इसके बाद खोजबीन में एक बक्सा घर की छत पर एवं दूसरा घर के पश्चिम चौर में फेंका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर छानबीन में जुट गयी। इस संबंध में गृहस्वामी अमरेश कुमार राय ने पुलिस को आवेदन दिया है। इसमे कहा है कि छत के रास्ते घर मे घुसे चोरों ने बक्सा खोलकर सोने की बाली, जितिया, चांदी का पायल एवं 22 हजार रुपये नकद चुरा लिया। इस बाबत थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

दूसरी ओर उजियारपुर थाना के मालपुर गांव में रविवार रात चोरों ने एक बंद घर मे चोरी की। उजियारपुर में चोरी की यह लगातार दूसरी घटना है। चोरों ने घर से नगद के अलावा चांदी का जेवरात, पीतल का बर्तन सहित लगभग 80 हजार रुपए मूल्य का सामान चुराया। घर स्वर्गीय राम भजन सिंह के पुत्र सुरेंद्र कुमार सिंह का बताया गया है। इस संबंध में घर की देखरेख करने वाले ग्रामीण ननीपत पासवान ने पुलिस को आवेदन दिया है। सूचना पर उजियारपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार मौके पर पहुंच घटना की छानबीन की।

पुलिस ने बताया कि गृहस्वामी बाहर व्यवसाय करते है। अपने पुश्तैनी घर की देखरेख के लिए एक व्यक्ति को रखे हुए हैं। घटना की रात केयर टेकर पड़ोस के सुरियाटांड़ में मेला देखने चला गया था। इसी बीच चोरों ने पीछे के रास्ते से घर में घुस चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर बक्सा, आलमारी व ट्रंक को तोड़कर सामान बिखेर दिया।

इससे पूर्व एक रात पूर्व चोरों ने बमबम सिंह के बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों घटना के बाद में लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि थानाध्यक्ष ने चोरी की शंका को देखते हुए चौकीदार को रात में पहरा देने की बात कही है।





