समस्तीपुर। समस्तीपुर कोर्ट परिसर गोली कांड मामले में फरार शशिरंजन ठाकुर उर्फ गोलू ने पुलिस दबिश के बाद शुक्रवार को समस्तीपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। वह वैनी ओपी क्षेत्र के रेपुरा गांव का रहने वाला है। समर्पण के बाद समस्तीपुर पुलिस ने शशिरंजन उर्फ गोलू को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। बताया जाता है कि शशिरंजन उर्फ गोलू पर पहले से भी कई मामला दर्ज था। वैनी ओपी में दर्ज आर्म्स एक्ट मामला में भी वह फरार था। पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी। इसके अलावा 26 अगस्त को समस्तीपुर कोर्ट परिसर में हुए गोली कांड में भी उसकी संलिप्तता मिलने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।


उसकी तलाश में समस्तीपुर एसआईटी एवं एसटीएफ की टीम जुटी हुई थी। पुलिस की लगातार दबिश से परेशान शशिरंजन ठाकुर ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर समस्तीपुर पुलिस ने कोर्ट पहुंची और आवेदन देकर उसे डिमांड पर ले लिया। जिसके बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि शशिरंजन ठाकुर उर्फ गोलू को रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।


बता दें कि समस्तीपुर कोर्ट परिसर में 26 अगस्त को शराब मामले में पेशी के दौरान जेल में बंद प्रभात चौधरी पर गोली चलाई गई थी। जिसमे प्रभात चौधरी सहित दो बंदी जख्मी हो गये थे। इस मामले की जांच में जुटी पुलिस ने कल्याणपुर के राजद के प्रखंड अध्यख रामबाबू राय को गिरफ्तार करने के बाद घटना का खुलासा किया था। जिसमें बताया गया था कि प्रभात चौधरी की हत्या के लिए झारखंड से दो शूटर बुलाया गया था।







