समस्तीपुर। बिहार राज्य स्वास्थ्य वैक्सीन कुरियर संघ समस्तीपुर के बैनर तले कुरियर कर्मियों ने सीएस कार्यालय पर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इससे पूर्व कुरियर कर्मियों ने अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ स्थल से जुलूस निकाली। विभिन्न रास्ते होते हुए सीएस कार्यालय पहुंच कर नारेबाजी की गयी। इसका नेतृत्व कुरियर संघ के जिला मंत्री दिलीप कुमार, चिकित्सा संघ के जिला मंत्री राजीव कुमार व आशा संघ की अध्यक्ष नीलम, जिला मंत्री सुनीता प्रसाद एवं महासंघ के मुख्य संरक्षक लक्ष्मीकांत झा ने संयुक्त रुप से किया।


कार्यालय पर प्रदर्शन को पहुंचते ही सीएस को नहीं देख कर्मी आक्रोशित होकर सीएस के विरुद्ध भी जमकर नारेबाजी की। साथ ही सीएस कार्यालय पर सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जब जब स्वास्थ्य कर्मी अपने आंदोलन की पूर्व निर्धारित तिथि को पहुंचते हैं, सीएस नदारद होते हैं। सीएस से वार्ता नहीं होने के कारण किसी भी मांग पर विचार या वार्ता नहीं हो पाती है। वक्ताओं ने कहा कि सीएस के द्वारा जानबूझ कर कर्मियों की समस्या एवं उनकी मांग को अनदेखी किया जाता है।


मौके पर सुमन शंकर सिंह, अंजली पांडेय, विश्वनाथ महतो, आलोक कुमार, गंगा रजक, बलिराम, जयशंकर, अमरनाथ, चंदन, मंटू, गोपाल, श्याम, हरेराम आदि थे। वक्ताओं ने कहा मुख्य मांगो में सभी योजनाओं एवं अभियानाओं में शामिल कर पूरे माह कार्य की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, एक हजार की आबादी पर स्वास्थ्य मित्र का पद सृजित कर वैक्सीन कुरियर कर्मियों की नियुक्ति करने, सरकारी सेवक घोषित करने एवं न्यूनतम दस हजार रुपए मानदेय देने,


वैक्सीन के प्रत्येक बक्से पर 90 रुपए की जगह पांच सौ रुपए देने तथा आरोग्य दिवस के अवसर पर दवा ले जाने के लिए एक सौ रुपए का प्रोत्साहन राशि को तीन सौ रुपए करने, आशा, ममता की भांति मृत्यु उपरांत वैक्सीन कुरियर को भी सामाजिक सुरक्षा के तहत चार लाख रुपए का अनुदान दने, बारह लाख रुपए का बीमा देने सहित अन्य मांग शामिल है।





