दरभंगा। दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के कठरा गांव स्थित चौरी पोखर में डूबने से दो बहनों की मौत गुरुवार को हो गई। घटना शाम करीब चार बजे की है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कठरा गांव निवासी राजा महतो की पुत्री राधा कुमारी (5) अपनी फुफेरी बहन बहेड़ी थाना क्षेत्र के बलिगांव निवासी शिव महतो की पुत्री प्रीति कुमारी (8) के साथ नहाने के लिए गांव के ही चौरी पोखर में गयी थी। वहां गहरे पानी में चले जाने से दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर गांव के लोगों ने दोनों के शव को पोखरे से निकालकर इसकी सूचना मनीगाछी थाने को दी।


सूचना पाकर वहां पुलिस पहुंची व छानबीन शुरू की। मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उधर, इस घटना के बाद मृतकाओं के परिजनों में कोहराम मच गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग उन्हें ढाढ़स बंधाने में जुटे हुए हैं। इस घटना से गांव में भी शोक की लहर है।


बता दे की 2 दिन पूर्व दरभंगा जिले की कुशेश्वरस्थान में नदी में नाव पलट जाने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना उसे समय हुई जब नाव पर सवार लोग नदी पार कर रहे थे, अचानक आई आंधी के कारण नाव पलट गया था। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी। मृतक सभी कुशेश्वरस्थान के निवासी बताए गए हैं। इस घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को चार चार लाख रुपया सहायता राशि देने की घोषणा की थी।







