पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, हिंदू आस्था और हिंदुओं का अपमान, अब नहीं सहेगा हिन्दुस्तान, भाजपा गांव-गांव जाकर सोनिया व राहुल की बताएगी सच्चाई

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सनातन धर्म पर विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा दिए गए बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हिंदू आस्था और हिंदुओं का अपमान, अब नहीं सहेगा हिन्दुस्तान। भाजपा गांव-गांव जाकर सोनिया गांधी, राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी की सच्चाई उजागर करेगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के सनातन धर्म की तुलना अलग-अलग तरह से किए जाने पर विरोध जताया और कहा कि सनातन को अपमानित करने में ये पीछे नहीं रहते हैं।

उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से सवाल किया कि विपक्षी दलों के मुंबई की बैठक में क्या यही रणनीति बनायी गयी। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के मौन रहने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वोट बैंक की राजनीति में सब कुछ भूल गयी है कि भारत के संविधान में प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, महादेव, हनुमान सहित अन्य महान हस्तियों के चित्र हैं, जो भारतीय संस्कृति एवं परम्परा को दर्शाती है। उन्होंने संविधान की मूल प्रति दिखाई और कहा कि पंडित नेहरू को इन चित्रों से कोई दिक्कत नहीं थी, आज कांग्रेस उनके विचारों को भूल गयी है।

श्री प्रसाद ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के तिलक लगाने वाले बयान पर सवाल किया कि लालू प्रसाद सपरिवार मुंबई में सिद्धिविनायक मंदिर क्यों गए थे। लालू जी, अगर तिलक नहीं लगवा रहे थे तो वहां क्या कर रहे थे? उन्होंने ललाट पर तिलक का इतिहास बताया और पंडित मदन मोहन मालवीय, बाल गंगाधर तिलक, महर्षि अरविंद व महात्मा गांधी का जिक्र किया। उन्होंने जगदानंद सिंह को डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुस्तकें पढ़ने की नसीहत दी और कहा कि लोहिया जी ने भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण व महादेव की कितनी चर्चा की है, तब बात समझ में आएगी। प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता मनोज शर्मा, राकेश कुमार सिंह व अन्य नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *